नारायणपुर जिले में हुई यातायात की पाठशाला अभियान की शुरुआत
जागरूकता कार्यक्रम में अंजरेल माइंस के मालवाहक वाहन चालकों एवं विद्यार्थियों को दी गई सड़क सुरक्षा की जानकारी
पीएम राहत एवं राहवीर योजना की जानकारी देकर दुर्घटना में घायलों की तत्काल मदद के लिए किया प्रेरित
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अभियान की हुई शुरुआत
नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस नारायणपुर द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अंजरेल माइंस के मालवाहक वाहन चालकों एवं शासकीय हाई स्कूल नेलवाड़ के छात्र-छात्राओं के लिए यातायात की पाठशाला अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों एवं विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा का दिया संदेश
यातायात प्रभारी (रक्षित निरीक्षक) मो. मोहसिन खान द्वारा बताया गया कि सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा के लिए किया जाना आवश्यक है।
इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
पीएम राहत एवं राहवीर योजना की दी गई जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने एवं समय पर उपचार तक पहुंचाने के महत्व को समझाया गया। दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति की तत्काल मदद करने तथा आवश्यकता पड़ने पर 108 एंबुलेंस, डायल-112 एवं आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।
साथ ही राहवीर योजना के अंतर्गत मिलने वाली ₹25,000 की पुरस्कार राशि के संबंध में जानकारी देते हुए विद्यार्थियों एवं वाहन चालकों से अपील की गई कि वे राहवीर बनकर सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने में सहयोग करें।
यातायात पुलिस नारायणपुर द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों, संस्थानों एवं वाहन चालकों के बीच यातायात जागरूकता, सड़क सुरक्षा, पीएम राहत एवं राहवीर योजना के संबंध में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा एवं जीवन रक्षा का संदेश अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने की शपथ दिलाई गई।


