श्रीमती कविता यादव के प्रांताध्यक्ष बनने के बाद जशपुर जिले को मिला नया नेतृत्व,दिलासो कुजूर निर्विरोध जिलाध्यक्ष
जशपुर आंगनबाड़ी संघ को मिली नई कप्तान, दिलासो कुजूर के हाथों में जिले की कमान,श्रीमती कविता यादव के प्रांताध्यक्ष बनने के बाद जशपुर जिले को मिला नया नेतृत्व
जशपुर : छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ, पंजी क्रमांक 409 की जिला प्रबंध कार्यकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक कंडोरा स्थित गोकुलधाम में प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती और जिला नेतृत्व के चयन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सर्वसम्मति से श्रीमती दिलासो कुजूर को जशपुर जिला अध्यक्ष पद पर निर्विरोध मनोनीत किया गया।
बैठक में जिला प्रबंध कार्यकारिणी समिति के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य तथा विभिन्न परियोजनाओं और सेक्टरों के पदाधिकारी-सदस्य उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष पद के चयन हेतु निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण कराई गई, जिसमें उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एकमत से श्रीमती दिलासो कुजूर के नाम पर सहमति जताई। इस प्रकार उन्हें निर्विरोध जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष श्रीमती दिलासो कुजूर को उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वर्तमान प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष का अभिनंदन किया तथा उन्हें संगठन का पदभार एवं कार्यभार सौंपा।
प्रांताध्यक्ष बनने के बाद रिक्त हुआ था जिलाध्यक्ष पद
उल्लेखनीय है कि श्रीमती कविता यादव पूर्व में जशपुर जिले की जिलाध्यक्ष के रूप में संगठन की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। उनके प्रांताध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के पश्चात जशपुर जिलाध्यक्ष का पद रिक्त हो गया था। संगठनात्मक नियमों एवं प्रक्रिया के अनुरूप नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति आवश्यक थी। इसी तारतम्य में प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से नए जिलाध्यक्ष का चयन किया गया।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष श्रीमती दिलासो कुजूर के नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के अधिकारों की आवाज बुलंद करने तथा संघ की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई गई।
बैठक का समापन संगठन की एकता, मजबूती और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के हितों के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं
“संगठन की मजबूती और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत जशपुर जिले में नए जिलाध्यक्ष का चयन किया गया है। श्रीमती दिलासो कुजूर को सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर मैं उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देती हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में जशपुर जिले में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के अधिकारों, सम्मान और हितों की लड़ाई को नई ऊर्जा मिलेगी। संगठन की एकता और कार्यकर्ताओं के विश्वास को बनाए रखते हुए सभी को साथ लेकर चलना हमारी प्राथमिकता है।”
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष श्रीमती दिलासो कुजूर ने कहा कि संघ हित में जान की भी लगा देंगे बाजी
“छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ पंजी 409 के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुझ पर जो विश्वास जताते हुए जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए मैं सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। यह पद मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत बनाने तथा जिले की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की समस्याओं, अधिकारों और मांगों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करूंगी। प्रांताध्यक्ष श्रीमती कविता यादव के मार्गदर्शन में सभी को साथ लेकर संगठनात्मक एकता बनाए रखना मेरी प्राथमिकता होगी,संघ हित में जान की बाजी भी लगाने से पीछे नहीं हटूंगी।”

