महिला से छेड़खानी, मारपीट एवं गाली-गलौज करने वाला आरोपी गिरफ्तार
थाना गिधपुरी पुलिस की त्वरित कार्यवाही, गिरफ्तारी के डर से छिपे हुए आरोपी को दबोचा गया
पीड़िता को अकेली पाकर बुरी नीयत से हाथ पकड़कर खींचा, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
आरोपी के विरुद्ध धारा 74,296,115(2) BNS के तहत की गई सख्त कार्यवाही
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं उनके विरुद्ध घटित होने वाले अपराधों पर त्वरित व सख्त कानूनी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना गिधपुरी पुलिस द्वारा महिला से बदसलूकी, छेड़खानी एवं मारपीट करने वाले आरोपी को त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
मामले का संक्षिप्त विवरण:- दिनांक 04.09.2026 को पीड़िता द्वारा थाना गिधपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी शेरसिंह उर्फ प्यारे कोशले ने उसे अकेली देखकर बुरी नीयत से इशारा बाजी करते हुए छेड़खानी की। आरोपी ने पीड़िता का हाथ पकड़कर खींचा और बेइज्जत करने का प्रयास किया। जब पीड़िता ने अपना हाथ छुड़ाने की कोशिश की, तो आरोपी ने सामने आकर अश्लील गाली-गलौज करते हुए पीड़िता के साथ मारपीट की, जिससे पीड़िता को चोट आई। पीड़िता की शिकायत पर थाना गिधपुरी में अपराध क्रमांक 125/2026, धारा 74, 296, 115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही एवं गिरफ्तारी:- मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौका-घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी व गवाहों का कथन कलमबद्ध किया गया। आरोपी की पतासाजी के दौरान ज्ञात हुआ कि वह अपने मकान में छिपा हुआ है। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया और थाना लाकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी को दिनांक 05.09.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी- शेरसिंह उर्फ प्यारे कोशले पिता स्व. सम्पत्त कोशले, निवासी ग्राम बिजराडीह, थाना गिधपुरी


