समपार संख्या-361 (परसदा फाटक) पर रोड ओवरब्रिज निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण उपलब्धि |
500 टन क्षमता वाली क्रेनों की सहायता से 36-36 मीटर के चार कंपोजिट गर्डरों की सफल लॉन्चिंग |
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा एवं सुविधा बढ़ाने की दिशा में निरंतर महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। अत्यधिक सड़क यातायात वाले मार्गों पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान होने वाली असुविधाओं को समाप्त करने के उद्देश्य से विभिन्न समपार फाटकों पर रोड ओवरब्रिज (ROB), रोड अंडरब्रिज (RUB) एवं लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) का निर्माण किया जा रहा है, ताकि यातायात को सुरक्षित रूप से वैकल्पिक मार्ग प्रदान किया जा सके।
इसी क्रम में मंडल के जयरामनगर–गतौरा स्टेशनों के मध्य किमी 706/21-33 पर स्थित समपार संख्या 361 (परसदा फाटक) पर रोड ओवरब्रिज निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस रोड ओवरब्रिज निर्माण कार्य की प्रक्रिया को गति प्रदान करते हुए 36-36 मीटर लंबे चार कंपोजिट गर्डरों की सफल लॉन्चिंग पूरी कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई ।
यह महत्वपूर्ण कार्य गति शक्ति इकाई के इंजीनियरों की देखरेख में सुनियोजित कार्ययोजना, तकनीकी दक्षता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ पूरा किया गया। गर्डर लॉन्चिंग के लिए 500 टन क्षमता वाली क्रेनों का उपयोग किया गया। संपूर्ण लॉन्चिंग कार्य दो ट्रैफिक ब्लॉक में, प्रत्येक 1 घंटे 30 मिनट की अवधि में सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
गर्डरों की सफल लांचिंग के साथ ही इस रोड ओवर ब्रिज निर्माण का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है। एप्रोच रोड का निर्माण कार्य प्रगति पर है। एप्रोच रोड निर्माण पूर्ण होते ही परसदा फाटक से होकर गुजरने वाले सड़क उपयोगकर्ताओं एवं वाहनों को सुरक्षित, संरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी ।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल यात्रियों एवं सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।

