छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ की पहल से आईपीएल के मैच सफलता पूर्वक संपन्न
सबने मिलकर साबित किया सबले बढ़िया छत्तीसगढ़िया
आलेख- जसवंत क्लॉडियस, वरिष्ठ स्वतंत्र खेल पत्रकार, टी वी कमेंटेटर, रायपुर
रायपुर : पिछले छह माह में रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में चार अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गये। दिसंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच 50-50 ओवर का एक मुकाबला हुआ। जनवरी 2026 में हमारे देश का दौरा कर रही न्यूजीलैंड की टीम का टी-20 प्रारूप में भारत से आमना सामना हुआ। इसके पश्चात अब 10 मई को रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु विरूद्ध मुंबई इंडियंस फिर 13 मई को बेंगलुरु और कोलकाता नाईट राइडर्स की टीम के मध्य मैच खेला गया। इस तरह 6 माह से भी कम अवधि में रायपुर में चार मैच संपन्न हुए .सभी आयोजन पूरी तरह सफल रहे। किसी मैच के सफल आयोजन का अर्थ सिर्फ यह नहीं कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की दो टीम आई दोनों के मध्य मुकाबला हुआ परिणाम आया उसके पश्चात टीम सकुशल अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई। जी हां ऐसा कुछ भी नहीं है।
हकीकत यह है कि जब भी क्रिकेट में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मैच होते हैं तो उस मुकाबले की एक-एक गतिविधि पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद आई सी सी नजर रखती है। जैसे पिच ने कैसा व्यवहार किया? क्या पिच गेंदबाजों या बल्लेबाजों को खेलने में या रन बनाने में कोई परेशानी खड़ा कर रही थी? पिच के अलावा आउट फील्ड कैसा था,समतल था या उबड़ खाबड़ था? दर्शक चूंकि एक बड़ी राशि लगाकर दर्शक मैच देखने आते हैं अतः टिकिट दर के हिसाब से पर्याप्त सुविधा दी गई या नहीं? टिकिटों की बिक्री को लेकर कोई शिकायत तो नहीं मिली? स्टेडियम के अंदर सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त थी या नहीं? मैच प्रारंभ होने से पूर्व स्टेडियम में प्रवेश की व्यवस्था ठीक थी या नहीं? अब तो आधुनिक काल के मुकाबले में यह भी देखा जाने लगा है कि स्टेडियम में प्रवेश पूर्व वाहन रखने की व्यवस्था कैसी थी? दर्शकों के लिए स्टेडियम तक पहुंचने में कोई व्यवधान तो खड़ा नहीं हुआ?रायपुर के इस अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में करीब 65 हजार दर्शक बैठने की क्षमता है। माना जाता है कि समय पूर्व टिकिट नहीं मिल पाने के कारण कम से कम 10-12 हजार दर्शक स्टेडियम में ही प्रवेश टिकिट मिल जाने की उम्मीद के साथ मैच शुरू होने के पूर्व स्टेडियम के बाहर जमा हो जाते हैं तो ऐसे में स्टेडियम के आस पास दर्शकों को उचित मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है या नहीं? चूंकि उपरोक्त चारों मुकाबले दिन रात में हुए अत: बिजली सप्लाई सुचारू रूप से हो सके। इस बारे में दूसरे विकल्प की जानकारी ली जाती है। सभी प्रश्नों जा उत्तर मिलने के बाद आखिर में गर्व के साथ यह कहना पड़ रहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ जो कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की छत्तीसगढ़ राज्य की ईकाई है। वह अपने परीक्षा में पूरी तरह सफल रही। छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के समस्त पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं। उन सभी के आपसी सामंजस्य तालमेल से पिछले 6 माह में रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा मान्यता प्राप्त चार मैच हो सके हैं। 2016 में जिस राज्य क्रिकेट संघ को मान्यता मिली उसके पदाधिकारियों ने जी तोड़ मेहनत करके बिना किसी विवाद के चार मुकाबलों का आयोजन करवाया है आने वाले दिनों में वह अवश्य ही रंग लायेगा और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भविष्य में अनेक अंतर्राष्ट्रीय मैच आयोजित किये जा सकेंगे। राज्य क्रिकेट संघ का स्थानीय प्रशासन व पुलिस विभाग के साथ जिस तरह सहयोगात्मक रुख रहा है। इसलिए वे भी बधाई के पात्र हैं। जबकि पिछले चारों मैच में स्थानीय मीडिया व दर्शकों की सकारात्मक भूमिका की जितनी तारीफ की जाए कम है।

