बाजार में खरीदारी करने आए हैं या जाम लगाने? दुर्ग ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, इंदिरा मार्केट से सुपेला तक नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई

बाजार में खरीदारी करने आए हैं या जाम लगाने? दुर्ग ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, इंदिरा मार्केट से सुपेला तक नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई

त्योहारी सीजन में यातायात पुलिस की सख्ती, प्रमुख बाजारों में नो-पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान

त्योहारी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने यातायात पुलिस दुर्ग मुस्तैद, प्रमुख बाजारों में लगातार कार्रवाई।

इन्द्रिरा मार्केट, स्टेशन रोड, ग्रीन चौक, पावर हाउस एवं जवाहर मार्केट सुपेला में नो-पार्किंग के विरुद्ध विशेष अभियान।

सड़क पर बेतरतीब खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन से हटाकर यातायात कार्यालय लाया जा रहा है।

PA सिस्टम से दुकानदारों एवं वाहन चालकों को जागरूक कर निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील।

सड़क पर अवैध पार्किंग करने वालों को स्पष्ट संदेश—खरीदारी करें, लेकिन यातायात बाधित न करें।

आम नागरिकों से अपील: निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों का रास्ता भी सुगम बनाएं।

दुर्ग : त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की बढ़ती आवाजाही और वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशानुसार यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत आज दुर्ग के इन्द्रिरा मार्केट, स्टेशन रोड, ग्रीन चौक तथा भिलाई के पावर हाउस मार्केट एवं जवाहर मार्केट सुपेला में नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाकर यातायात कार्यालय लाया जा रहा है। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने की समझाइश भी दी जा रही है।

त्योहारी बाजारों में सड़क किनारे और नो-पार्किंग क्षेत्रों में बेतरतीब ढंग से खड़े वाहन न केवल यातायात की गति को प्रभावित करते हैं, बल्कि जाम की स्थिति उत्पन्न होने और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होने का कारण भी बनते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा PA सिस्टम के माध्यम से दुकानदारों, वाहन चालकों एवं बाजार पहुंचने वाले नागरिकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है, ताकि सड़कों पर अनावश्यक पार्किंग को रोका जा सके और बाजार क्षेत्रों में आवागमन सुगम बना रहे।

यातायात पुलिस दुर्ग का उद्देश्य त्योहारी खरीदारी के दौरान नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। इसके लिए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

यातायात पुलिस दुर्ग की नागरिकों से अपील:- त्योहारी खरीदारी के लिए बाजार आने वाले नागरिक अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क, मुख्य मार्ग, चौराहों एवं नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। दुकानदार भी अपनी दुकानों के सामने सड़क पर अनधिकृत पार्किंग को प्रोत्साहित न करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

आपका थोड़ा-सा अनुशासन, सभी का रास्ता आसान बना सकता है।

त्योहार खुशियों के साथ मनाएं, यातायात नियमों का पालन करें और दुर्ग-भिलाई की सड़कों को जाममुक्त बनाने में यातायात पुलिस का सहयोग करें।

Chhattisgarh Crime