दीपावली पर्व के मद्देनज़र रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने ली यातायात अधिकारियों की बैठक
रायपुर कमिश्नरेट की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश
यातायात व्यवस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 अधिकारी-कर्मचारी नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित
रायपुर : आगामी दीपावली पर्व के दौरान रायपुर शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों एवं चौक-चौराहों में बढ़ने वाली भीड़ एवं वाहनों के दबाव को दृष्टिगत रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला(भा॰पु॰से॰) द्वारा पुलिस उपायुक्त (यातायात व प्रोटोकॉल) डॉ अर्चना झा एवं यातायात कमिश्नरेट में पदस्थ समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं सहायक उप निरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों की बैठक ली गई।
बैठक में पुलिस कमिश्नर द्वारा आगामी त्योहार के दौरान आम नागरिकों, व्यापारियों एवं बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा यातायात जाम की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार के दौरान बाजारों में नागरिकों की आवाजाही एवं वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति में यातायात पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह बेहतर समन्वय, सतर्कता एवं सक्रियता के साथ यातायात व्यवस्था का संचालन करे।
बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था के लिए दिए गए प्रमुख निर्देश:- पुलिस कमिश्नर द्वारा शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों एवं व्यावसायिक स्थलों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निम्नानुसार निर्देश दिए गए—
1. यातायात बल की प्रभावी तैनाती:- बाजारों में भीड़ एवं यातायात के दबाव का आंकलन कर तदानुसार पर्याप्त यातायात पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाए। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बल की तैनाती कर यातायात का सतत संचालन सुनिश्चित किया जाए।
2. दुकानों के बाहर अतिक्रमण पर नियंत्रण:- व्यापारी अपनी दुकानों का सामान दुकान के निर्धारित दायरे के भीतर ही रखें। दुकान के बाहर सड़क एवं फुटपाथ पर सामान रखकर आवागमन बाधित न किया जाए।
3. पार्किंग स्थलों का निर्धारण एवं उपयोग:- बाजारों के आसपास उपलब्ध बड़े पार्किंग स्थलों को चिन्हांकित कर दुकानदारों आम नागरिकों एवं ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित रूप से कराई जाए, जिससे मुख्य बाजार मार्गों पर वाहनों का दबाव कम हो।दुकानों के सामने उपलब्ध पार्किंग स्थल का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा सड़क पर अव्यवस्थित वाहन पार्किंग को प्रतिबंधित किया जाए।
4. पार्किंग एवं नो-पार्किंग का सख्ती से पालन:- प्रमुख बाजारों में निर्धारित पार्किंग एवं नो-पार्किंग व्यवस्था का प्रभावी पालन कराया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए।
5. चौक-चौराहों को अतिक्रमण मुक्त रखना:- प्रमुख चौक-चौराहों, तिराहों एवं मुख्य मार्गों पर किसी भी प्रकार का अस्थायी कब्जा या अवैध पार्किंग न होने दी जाए। यातायात के निर्बाध संचालन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध रखा जाए।
6. ठेला एवं अस्थायी दुकानों का व्यवस्थित संचालन:- बाजार क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर लगने वाले ठेलों तथा अस्थायी दुकानों को यातायात बाधित किए बिना निर्धारित किनारे के स्थानों पर व्यवस्थित रूप से लगवाया जाए। किसी भी स्थिति में मुख्य सड़क एवं आवागमन के मार्ग अवरुद्ध न हों।
7. व्यापारियों से समन्वय एवं सहयोग:- बाजार क्षेत्र के व्यापारियों एवं व्यापारी संघों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए तथा यातायात व्यवस्था में उनका सक्रिय सहयोग लिया जाए।
8. पैदल यात्रियों की सुविधा:- बाजारों में आने-जाने वाले पैदल नागरिकों के लिए सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए।
9. निरंतर पेट्रोलिंग एवं निगरानी:- प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों एवं चौक-चौराहों पर यातायात अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण एवं निगरानी की जाए। यातायात बाधित होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर मार्ग को सुचारु कराया जाए।
पुलिस कमिश्नर द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापारियों, स्थानीय निकाय एवं संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए समय रहते आवश्यक तैयारियां पूर्ण करें। आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा त्योहार का आयोजन सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 यातायात पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित:- बैठक के दौरान विगत माह यातायात व्यवस्था के संचालन एवं चेकिंग कार्यवाही के दौरान उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने वाले यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की गई।
उल्लेखनीय है कि यातायात पुलिस द्वारा नियमित चेकिंग एवं प्रभावी कार्रवाई के दौरान 05 अलग-अलग प्रकरणों में चोरी के वाहनों को बरामद करने तथा 01 प्रकरण में आरोपी को पकड़ने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई।
निम्न पुलिस अधिकारी कर्मचारी हुए सम्मानित :-
1)आरक्षक मोतीलाल लहरे
2) सैनिक अशोक शर्मा
3) आरक्षक D सीमांचल राव
4) आरक्षक गोविंद सोनी
5) सैनिक महेश सिंह
6) सहायक उप निरीक्षक लक्षण निषाद
7) प्रधान आरक्षक श्रीकांत मिश्रा
8) आरक्षक विजय कुमार सोनवानी
9) आरक्षक गजे सिंह मरकाम
10) प्रधान आरक्षक बृजेश कुमार तिवारी
11) आरक्षक संदीप साहू
12) आरक्षक देवेंद्र पांडे
13) आरक्षक कृत राम साहू
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा उक्त प्रकरणों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले यातायात पुलिस के कुल 13 अधिकारी-कर्मचारियों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में कर्तव्य के प्रति निष्ठा, सजगता एवं समर्पण के साथ किया गया प्रत्येक उत्कृष्ट कार्य सराहनीय है। ऐसे कार्य अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनते हैं।उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी प्रकार जिम्मेदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट की अपील:- यातायात कमिश्नरेट रायपुर की सभी नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में यातायात पुलिस का सहयोग करें।

