बिलासपुर मंडल में ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ का शुभारंभ ।
मिशन लाइफ के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए यात्रियों और रेलकर्मियों को किया जाएगा जागरूक।
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पर्यावरण अनुकूल एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिनांक 01 से 07 नवम्बर 2026 तक ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ का आयोजन किया जा रहा है।
भारतीय रेलवे की ‘मिशन लाइफ’ (Lifestyle for Environment) की भावना के अनुरूप आयोजित इस सप्ताह के दौरान रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों, कार्यशालाओं एवं अन्य रेलवे परिसरों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 01 नवम्बर 2026 को ‘स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं’ थीम के तहत मंडल के सभी बड़े एवं छोटे स्टेशनों पर डिजिटल डिस्प्ले, पोस्टर एवं उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों एवं सफाई मित्रों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पौष्टिक भोजन, नियमित व्यायाम तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश प्रसारित किया गया।
इसके साथ ही मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर रेलवे कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें सभी ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास किया। इन सत्रों के माध्यम से नियमित योग, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
साथ ही सफाई मित्रों के स्वास्थ्य एवं पोषण का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें पौष्टिक फल भी वितरित किए गए।
रेल प्रशासन द्वारा इस सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है ।

