फरसाबहार में आयोजित हुआ आस-पड़ोस युवा संवाद कार्यक्रम, युवाओं ने लिया नशामुक्ति एवं राष्ट्र निर्माण का संकल्प
जशपुर : मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में फरसाबहार विकासखंड के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, फरसाबहार में आस-पड़ोस युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की प्रमुख थीम नशामुक्ति एवं विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका रही।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार कुजूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं नंदलाल राम चौहान, बी. तिर्की, अमित कुमार जायसवाल एवं धन सिंह साय ने वक्ता के रूप में युवाओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता, नशे के दुष्प्रभावों एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत जशपुर ने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्हें नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक दीपक कुमार निषाद, धन सिंह साय, परमेश्वर सिंह, सुजय एवं रामकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया गया।

