सफलता की कहानी: मसाला उद्योग से बनीं लखपति दीदी
बिहान योजना और शासकीय योजनाओं के सहयोग से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रहीं माधुरी
जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन की बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
स्व सहायता समूहों से जुड़कर जिले की महिलाएं स्वरोजगार अपना रही हैं और लखपति दीदी बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।
इसी कड़ी में फरसाबहार विकासखंड के ग्राम खुटगांव की रहने वाली श्रीमती माधुरी निकुंज ने मसाला उद्योग के माध्यम से आत्मनिर्भरता की नई पहचान बनाई है। माधुरी वर्ष 2017 में बिहान योजना से जुड़ीं।
योजना के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंक लिंकेज के तहत 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत उन्हें 1 लाख 40 हजार रुपये का सहयोग मिला।
शासकीय योजनाओं से प्राप्त आर्थिक सहायता का उपयोग करते हुए माधुरी ने मसाला उद्योग शुरू किया। आज वे अपने व्यवसाय के माध्यम से प्रतिवर्ष लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं।
इस स्वरोजगार ने उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है और वे लखपति दीदी के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुकी हैं।
माधुरी निकुंज की यह सफलता ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी कहानी बताती है कि छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं अपने हुनर और मेहनत से स्वरोजगार स्थापित कर सकती हैं तथा परिवार की आर्थिक उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।

