विश्वदीप्ति इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थियों को यातायात नियमों की दी गई जानकारी
यातायात की पाठशाला के माध्यम से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक
नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस नारायणपुर द्वारा बंग्लापारा स्थित विश्वदीप्ति इंग्लिश मीडियम स्कूल में यातायात की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात नियमों, यातायात संकेतों एवं सड़क चिन्हों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बच्चों को सड़क पार करते समय निर्धारित स्थान एवं जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने, रेड, ग्रीन एवं येलो लाइट के महत्व तथा यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में समझाइश दी गई।
विद्यार्थियों को नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने तथा स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने माता-पिता एवं परिजनों को भी नियमों के पालन हेतु प्रेरित करने की अपील की गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राहत योजना एवं राहवीर योजना की जानकारी देकर सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
स्कूल वाहनों का किया गया निरीक्षण:- कार्यक्रम के दौरान स्कूल में संचालित बसों एवं अन्य वाहनों का निरीक्षण भी किया गया। इसमें फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, निर्धारित क्षमता के अनुरूप बच्चों की संख्या तथा बसों में उपलब्ध अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार बॉक्स एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। साथ ही आपातकालीन निकास, महिला अटेंडेंट की व्यवस्था एवं बच्चों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
इस अवसर पर यातायात प्रभारी (रक्षित निरीक्षक) मोहम्मद मोहसिन खान सहित यातायात पुलिस स्टाफ, विद्यालय के प्राचार्य जेमोन टी. डी., वाइस प्रिंसिपल, शिक्षकगण एवं अन्य विद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।
यातायात प्रभारी मोहम्मद मोहसिन खान ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
यातायात पुलिस नारायणपुर की अपील:– यातायात नियमों का पालन करें, सड़क सुरक्षा को अपनाएं। स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें। सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता करें, जीवन बचाएं और नेक राहवीर बनें।

