जशपुर में गरबा की धूम प्रारंभ : तीन अक्टूबर से पंजीयन और प्रशिक्षण हो गया प्रारम्भ.
भव्य तैयारी में जुटी श्री नारायण जनकल्याण समिति.
जशपुर : मां दुर्गा की आराधना और गरबा के रंग में सराबोर होने का इंतजार अब जशपुर में खत्म हो गया है। श्री नारायण जनकल्याण समिति ने जशपुर गरबा महोत्सव 2026 की तैयारियां तेज कर दी हैं। तीन अक्टूबर से पंजीयन के साथ गरबा प्रशिक्षण भी शुरू हो चुका है। नवीन सामुदायिक भवन में शाम 6 से 8 बजे तक प्रतिभागी आकर्षक गरबा स्टेप्स सीख रहे हैं। भव्य आयोजन को लेकर समिति ने जिम्मेदारियां तय कर ली हैं, वहीं सुरक्षा और अनुशासन पर भी विशेष जोर रहेगा।
माँ दुर्गा की भक्ति और उल्लास का प्रतीक जशपुर गरबा महोत्सव इस बार और भी भव्य होने जा रहा है। इसकी तैयारी को लेकर श्री नारायण जनकल्याण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार रात्रि 8 बजे बालाजी मंदिर परिसर में संपन्न हुई। बैठक में महोत्सव को यादगार बनाने के लिए रूपरेखा तय की गई और सभी सदस्यों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
तीन अक्टूबर से गरबा का प्रशिक्षण शुरू –
समिति ने बताया कि 03 अक्टूबर से गरबा पंजीयन और गरबा प्रशिक्षण बालाजी मंदिर के सामने स्थित नवीन सामुदायिक भवन में शुरू हो गया है। प्रतिभागी प्रतिदिन शाम 6 से 8 बजे तक प्रशिक्षकों से गरबा के नए स्टेप्स सीख रहे हैं।
समिति के अध्यक्ष श्री मनोज रमाकांत मिश्रा ने बताया कि जशपुर गरबा महोत्सव 2026 के सफल आयोजन के लिए गरबा समिति का गठन कर लिया गया है और कार्यक्रम के अनुरूप सभी को प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिसमें गरबा समिति के लिए श्री संजय अग्रवाल जी को अध्यक्ष बनाया गया है।
जशपुर गरबा महोत्सव के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष गरबा में भक्ति, सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाएगा। समिति ने नगर के सभी गरबा प्रेमियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर इस सांस्कृतिक महोत्सव को सफल बनाएं।

