यातायात पुलिस दुर्ग के लगातार प्रयासों से वर्ष 2026 में जनवरी से सितंबर तक पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटना में होने वाली मौतों में कुल 77 ( 28.31% ) की कमी दर्ज की गई।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा प्रवर्तन कार्यवाही के साथ-साथ जनजागरूकता, वाहन चेकिंग, ब्लैक स्पॉट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी तथा जरूरतमंद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने जैसे विभिन्न प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
हेलमेट अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए लगातार समझाइश एवं ई-चालान की कार्यवाही।
तीन सवारी एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर सुबह से रात तक फिक्स पॉइंट लगाकर कार्यवाही।
नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती प्रमुख मार्गों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर शाम से देर रात तक ब्रेथ एनालाइजर से जांच एवं न्यायालयीन कार्यवाही।
ब्लैक स्पॉट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष वाहन चेकिंग कर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई।
जनजागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, स्कूल एवं कॉलेज कार्यक्रमों के माध्यम से वाहन चालकों एवं विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल सहायता देकर अस्पताल पहुंचाने का कार्य यातायात पुलिस द्वारा लगातार किया जा रहा है।
सड़क दुर्घटना स्थलों में लगातार सुधार कार्य किया जा रहा है।
दुर्ग : यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिले में सड़क दुर्घटनाओं एवं सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से लगातार व्यापक स्तर पर कार्यवाही एवं जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। यातायात पुलिस के इन निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। वर्ष 2026 में जनवरी से सितंबर तक पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में सड़क दुर्घटना में होने वाली मौतों में कुल 77 ( 28.31% कमी ) की कमी दर्ज की गई है।
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात पुलिस द्वारा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के उपयोग के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। वाहन चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों पर नियमानुसार ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। इसी प्रकार दोपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी जिले के अलग-अलग चौक-चौराहों को चिन्हित कर सुबह से रात तक फिक्स पॉइंट ड्यूटी लगाकर लगातार कार्यवाही की जा रही है।
शराब के नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का गंभीर कारण बन सकता है। इसे रोकने के लिए यातायात पुलिस द्वारा जिले के प्रमुख मार्गों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर शाम से देर रात तक ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट एवं ग्रे स्पॉट, ग्रामीण क्षेत्रों तथा प्रमुख मार्गों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वाहन चालकों को मौके पर यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति से वाहन चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के लिए समझाइश दी जा रही है।
यातायात पुलिस द्वारा केवल कार्यवाही तक सीमित न रहते हुए जनजागरूकता को भी प्राथमिकता दी जा रही है। स्कूलों एवं कॉलेजों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नुक्कड़ नाटक एवं अन्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
सड़क दुर्घटना होने की स्थिति में घायल व्यक्ति को समय पर उपचार मिलना अत्यंत महत्वपूर्ण है। यातायात पुलिस के जवानों द्वारा दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तत्काल सहायता करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाने का कार्य भी लगातार किया जा रहा है।
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा प्रवर्तन कार्रवाई, जनजागरूकता, ब्लैक स्पॉट पर निगरानी, नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने तथा दुर्घटना के बाद त्वरित सहायता जैसे बहुआयामी प्रयासों के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
अपील :- यातायात पुलिस दुर्ग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन स्वयं करें और अपने परिवार एवं परिचितों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें। सुरक्षित यातायात, सुरक्षित परिवार और सुरक्षित समाज के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।
मृत्यु में कमी वर्ष 2025 की तुलना में 2026 में।
2025(मौत)-2026(मौत) -कमी
जनवरी – 47 – 35 = 12
फरवरी -30 – 23 = 07
मार्च – 37 -29 = 08
अप्रैल – 40 – 22 = 18
मई – 23 – 19 = 04
जून – 27 – 15 = 12
जुलाई 21 – 20 = 01
अगस्त – 22 – 15 = 07
सितंबर – 25 – 17 = 08
कुल – 77


