सेंट मैरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में यातायात एवं साइबर जागरूकता अभियान आयोजित
250 विद्यार्थियों को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा एवं मोबाइल के सुरक्षित उपयोग की दी गई जानकारी
रायपुर : यातायात पुलिस रायपुर द्वारा आज शनिवार को सेंट मैरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, मोवा-पंडरी में यातायात एवं साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 250 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसीपी ट्रैफिक सीमा अहिरवार तथा प्राचार्य एवं पुलिस बालमित्र रोशना डेविड उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा मोबाइल फोन के सदुपयोग एवं दुरुपयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
एसीपी ट्रैफिक सीमा अहिरवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सुरक्षित एवं सुगम यातायात की शुरुआत स्वयं के अनुशासन से होती है। यदि प्रत्येक व्यक्ति यातायात नियमों का पालन करने की जिम्मेदारी स्वयं ले, तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ ही यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने बाजार एवं सार्वजनिक स्थानों पर निर्धारित तरीके से वाहन पार्किंग करने, अनावश्यक रूप से सड़क बाधित न करने, लेफ्ट टर्न को सुचारु रखने तथा सड़क पर दूसरों की सुविधा एवं सुरक्षा का ध्यान रखने की समझाइश दी।
विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता के लिए संचालित प्रधानमंत्री राहत योजना एवं राहवीर योजना, मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199A के प्रावधानों तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के कानूनी दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया गया।
साइबर जागरूकता के अंतर्गत बच्चों को अनजान लिंक, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने, मोबाइल के अनावश्यक उपयोग तथा डिजिटल माध्यमों पर सतर्कता बरतने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ट्रैफिक एंबेसडर बनने के लिए प्रेरित किया गया तथा उन्हें संकल्प दिलाया गया कि वे प्रतिदिन कम से कम पांच लोगों को यातायात नियमों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से जागरूकता को परिवार, मित्रों एवं समाज तक पहुंचाना और नागरिकों की एक श्रृंखला तैयार करना है।


