सुरक्षित डिजिटल भविष्य की ओर एक कदम – ‘‘साइबर संकल्प’’
डॉ. संजीव शुक्ला पुलिस आयुक्त रायपुर की अभिनव पहल – डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता वीडियो कोर्स का शुभारंभ
रायपुर : कमिश्नरेट पुलिस द्वारा आमजन को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘‘साइबर संकल्प’’ – डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता वीडियो कोर्स तैयार किया गया है।
इस वीडियो कोर्स का शुभारंभ आज दिनांक 12.09.2026 को माननीय विजय शर्मा जी, उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के सभागृह में किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, गुप्तवार्ता अमित कुमार, पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला, पुलिस महानिरीक्षक प्रशांत अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम काम्बले, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. शैलेन्द्र पटेल सहित विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सरल भाषा में डिजिटल सुरक्षा की महत्वपूर्ण जानकारी
‘‘साइबर संकल्प’’ एक सरल, उपयोगी एवं व्यवहारिक वीडियो कोर्स है, विशेष रूप से मोबाइल, कंप्यूटर एवं इंटरनेट के नए उपयोगकर्ताओं को ध्यान में रखकर इसे तैयार किया गया है। इस कोर्स के माध्यम से आमजन को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां आसान भाषा में उपलब्ध कराई गई हैं।
कोर्स में कुल 09 छोटे एवं उपयोगी मॉड्यूल शामिल किए गए हैं, जिनमें –
पासवर्ड की सुरक्षा
मोबाइल सुरक्षा
ऑनलाइन भुगतान में सावधानी
ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव
मोबाइल एवं सिस्टम को अपडेट रखना
सुरक्षित एप का उपयोग
गोपनीयता (प्राइवेसी) की सुरक्षा
सोशल मीडिया की समझ
सुरक्षित ब्राउजिंग
जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल एवं सहज तरीके से समझाया गया है।
प्रत्येक वीडियो को ध्यानपूर्वक देखने के बाद अंत में दिए गए छोटे-छोटे सवालों के माध्यम से अपनी समझ को परखने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे उपयोगकर्ता साइबर सुरक्षा से संबंधित अपनी जानकारी को बेहतर ढंग से समझ और मजबूत कर सके।
लिंक एवं क्यूआर कोड के माध्यम से आसानी से करें एक्सेस
‘‘साइबर संकल्प’’ वीडियो कोर्स को दिए गए लिंक अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से आसानी से एक्सेस किया जा सकता है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक नागरिक इस कोर्स से जुड़ें और साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
आमजन से रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की अपील
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस आमजन से अपील करती है कि ‘‘साइबर संकल्प’’ कोर्स को स्वयं पूरा करें तथा अपने परिवार, मित्रों, सहकर्मियों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
आज के डिजिटल युग में तकनीकी जानकारी के साथ सतर्कता और सावधानी ही डिजिटल सुरक्षा की सबसे मजबूत ढाल है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एप डाउनलोड करने, ओटीपी/पासवर्ड साझा करने अथवा अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन भुगतान करने से बचें।
तकनीकी + सही जानकारी + सतर्कता = सुरक्षित डिजिटल भविष्य।
आइए, आज ही ‘‘साइबर संकल्प’’ पूरा करें और स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर रूप से जागरूक एवं सुरक्षित बनाएं।
जो भी व्यक्ति मोबाइल का उपयोग कर रहा है अथवा जो भी नया मोबाइल उपयोग करना शुरू कर रहा है, यदि वह उक्त ‘‘साइबर संकल्प’’ कोर्स को पूरा कर लेता है, तो उसके साइबर ठगी का शिकार होने की संभावना नगण्य हो जाएगी।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से जनहित में जारी।


