आगामी त्यौहारों को लेकर दुर्ग पुलिस का व्यापक सुरक्षा प्लान, 100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, 50 से अधिक बाइक से होगी पेट्रोलिंग, सराफा बाजार में आम स्क्वाड एवं आर्म्स गार्ड तैनात, राजपत्रित अधिकारियों की रहेगी सतत निगरानी
आगामी त्यौहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है।
स्पेशल बाज टीम के 50 से अधिक पुलिसकर्मी बाइक से पेट्रोलिंग करेंगे। सभी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्पेशल बास्केटिंग तैयार कर क्षेत्रवार पुलिस की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है।
सराफा बाजार सहित प्रमुख मार्केट एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आम स्क्वाड तथा आर्म्स गार्ड तैनात किए गए हैं, जो बाजारों एवं आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी रखेंगे।
प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ यातायात पुलिस की विशेष तैनाती की गई है, जिससे सुरक्षा के साथ-साथ आवागमन भी सुचारू बना रहे।
वरिष्ट पुलिस अधीक्षक एवं राजपत्रित अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा क्षेत्रवार पुलिस बल की तैनाती एवं निगरानी की व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।
दुर्ग : आगामी त्यौहारों के दौरान नागरिकों, व्यापारियों एवं बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। जिले में 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। 50 से अधिक बाइक के माध्यम से स्पेशल बाज टीम पेट्रोलिंग करेगी। सभी थाना क्षेत्रों में स्पेशल बास्केटिंग तैयार की गई है। सराफा बाजार एवं प्रमुख भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आम स्क्वाड, आर्म्स गार्ड तथा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती भी की गई है।
आगामी त्यौहारों के दौरान बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सराफा मार्केट एवं सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आम नागरिकों एवं व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस की विभिन्न टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस व्यवस्था के अंतर्गत 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। स्पेशल बाज टीम के 50 से अधिक पुलिसकर्मी बाइक के माध्यम से शहर एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करेंगे। इसके साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्पेशल बास्केटिंग तैयार कर क्षेत्रवार पेट्रोलिंग एवं निगरानी की व्यवस्था की गई है, जिससे प्रत्येक क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनी रहे।
सराफा बाजार एवं प्रमुख मार्केट में विशेष सुरक्षा व्यवस्था:- त्यौहारों के दौरान सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों एवं नकदी का लेन-देन बढ़ने की संभावना को देखते हुए सराफा मार्केट में विशेष रूप से आम स्क्वाड एवं आर्म्स गार्ड की तैनाती की गई है। आम स्क्वाड बाजार एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
इसके अतिरिक्त जिले के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसका उद्देश्य चोरी, लूटपाट, छिनतई एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए व्यापारियों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
कॉलोनियों एवं आवासीय क्षेत्रों में सतत पेट्रोलिंग:- पुलिस की निगरानी केवल बाजारों तक सीमित नहीं रहेगी। स्पेशल बाज टीम एवं थाना क्षेत्रों की पेट्रोलिंग टीमें कॉलोनियों, आवासीय क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों में भी नियमित भ्रमण करेंगी। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
यातायात व्यवस्था के लिए विशेष तैनाती:- त्यौहारों के दौरान बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मी प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले मार्गों पर तैनात रहकर यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करेंगे। आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो तथा आपातकालीन सेवाओं के वाहनों का आवागमन बाधित न हो, इसके लिए भी आवश्यक व्यवस्था की गई है।
वरिष्ठ स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग:- पुलिस अधीक्षक एवं राजपत्रित पुलिस अधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया है। बाजारों, सराफा मार्केट, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों की स्थिति का अवलोकन कर आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती एवं पेट्रोलिंग की कार्ययोजना तैयार की गई है।
संपूर्ण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग राजपत्रित अधिकारियों द्वारा की जाएगी, ताकि निर्धारित क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बनी रहे तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
दुर्ग पुलिस की अपील:- दुर्ग पुलिस आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील करती है कि आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। बाजारों में खरीदारी के दौरान अपने सामान एवं नकदी की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे सुचारू रखें। यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
दुर्ग पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, व्यापारियों के हितों की रक्षा, अपराधों की रोकथाम एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


