नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर यातायात पुलिस की प्रभावी कार्यवाही
विगत तीन दिवस में 60 वाहनों को क्रेन से उठाकर की गई चालानी कार्यवाही
रायपुर : डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के विरुद्ध यातायात पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में विगत तीन दिवस में नो-पार्किंग में खड़े 60 वाहनों को क्रेन के माध्यम से उठाकर चालानी कार्यवाही की गई।
तेलीबांधा यातायात क्षेत्र अंतर्गत करेंसी टावर, पंडरी यातायात थाना क्षेत्र अंतर्गत सिटी सेंटर मॉल, शारदा चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत रजबंधा मैदान, टाटीबंध थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुरा-महादेव घाट मार्ग, पचपेड़ीनाका थाना क्षेत्र में कलर्स मॉल के सामने तथा कालीबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत मालवीय रोड में यातायात बाधित करने वाले नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की गई।
अभियान के दौरान ऐसे वाहन चालकों पर विशेष रूप से कार्यवाही की गई, जिन्होंने निर्धारित पार्किंग स्थल के स्थान पर मुख्य मार्ग अथवा नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा कर यातायात के सुचारू संचालन में बाधा उत्पन्न की। यातायात पुलिस द्वारा क्रेन के माध्यम से ऐसे वाहनों को तत्काल हटाकर नियमानुसार चालानी कार्यवाही की गई।
यातायात पुलिस द्वारा की जा रही यह कार्यवाही सड़क पर अनावश्यक यातायात दबाव कम करने, आवागमन को सुगम बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के उद्देश्य से की जा रही है। नो-पार्किंग एवं यातायात बाधित करने वाले वाहनों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
आम नागरिकों से अपील:
यातायात पुलिस समस्त नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही पार्क करें। मुख्य मार्ग, चौराहों, नो-पार्किंग क्षेत्र अथवा सड़क किनारे इस प्रकार वाहन खड़ा न करें, जिससे अन्य वाहन चालकों एवं राहगीरों को असुविधा हो अथवा यातायात प्रभावित हो। यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने में रायपुर यातायात पुलिस का सहयोग करें।


