पेट्रोलिंग के दौरान मिला लावारिस ई-रिक्शा, ई-चालान डिवाइस से जानकारी जुटाने पर निकला चोरी का वाहन
रायपुर : शहर में यातायात व्यवस्था के साथ-साथ संदिग्ध एवं लावारिस वाहनों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग एवं चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में यातायात थाना तेलीबांधा क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध स्थिति में लावारिस ई-रिक्शा खड़ा मिला। ई-चालान डिवाइस के माध्यम से वाहन की जानकारी प्राप्त कर वाहन मालिक से संपर्क करने पर ई-रिक्शा चोरी होने का खुलासा हुआ।
पेट्रोलिंग के दौरान शांति नगर में मिला संदिग्ध ई-रिक्शा:- यातायात थाना तेलीबांधा क्षेत्र अंतर्गत निरीक्षक विशाल कुजूर एवं हमराह स्टाफ प्रधान आरक्षक 1783 लम्बोदर साहू एवं आरक्षक 2706 विजय ठाकुर द्वारा क्षेत्र में पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान शांति नगर क्षेत्र में एक ई-रिक्शा संदिग्ध एवं लावारिस स्थिति में खड़ा मिला।
ई-चालान डिवाइस से वाहन की जानकारी जुटाई:- पुलिस टीम द्वारा ई-चालान डिवाइस के माध्यम से ई-रिक्शा की वाहन संबंधी जानकारी प्राप्त कर दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया। संपर्क करने पर वाहन मालिक मोहम्मद जावेद ने बताया कि उक्त ई-रिक्शा चोरी हो चुका है तथा चोरी के संबंध में थाना गंज में FIR क्रमांक 182/2025, धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज है।
गंज थाना पुलिस को दी गई सूचना:- मामले की जानकारी तत्काल थाना गंज प्रभारी को दी गई। यातायात पुलिस द्वारा बरामद ई-रिक्शा के संबंध में उपलब्ध जानकारी से गंज थाना पुलिस को अवगत कराया गया, ताकि दर्ज अपराध के संबंध में आवश्यक कार्यवाही की जा सके।
चोरी के ई-रिक्शा को क्रेन से थाना गंज भेजा गया:- चोरी के ई-रिक्शा को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही एवं अग्रिम जांच हेतु क्रेन की सहायता से थाना गंज भेजा गया। यातायात पुलिस की सतर्क पेट्रोलिंग एवं ई-चालान डिवाइस में उपलब्ध वाहन संबंधी जानकारी के त्वरित उपयोग से चोरी के वाहन की पहचान संभव हो सकी।


