जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा ने ली समीक्षा बैठक
सेवा-सेतु और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता: श्रीमती ऋचा शर्मा
रायपुर : जिले की प्रभारी सचिव एवं अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं के निराकरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही नागरिकों से प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का निराकरण केवल कागजों में नहीं, बल्कि वास्तविक रूप से होना चाहिए, ताकि आम जनता को शासन की सेवाओं का सीधा लाभ मिल सके।
प्रभारी सचिव श्रीमती शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और नवाचार के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सेवा-सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा-सेतु के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे नागरिकों को अनावश्यक रूप से शासकीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
श्रीमती शर्मा ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों के निराकरण में संवेदनशीलता और जवाबदेही आवश्यक है। शिकायतों को केवल औपचारिकता पूरी करने के उद्देश्य से बंद न किया जाए, बल्कि संबंधित नागरिक की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव ने सेवा-सेतु पोर्टल पर दस्तावेजों के अभाव में निरस्त होने वाले आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होंने वीएलसी एवं सेवा-सेतु केंद्रों के संचालकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए, ताकि आवेदन के समय सभी जरूरी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड किए जा सकें। इससे आवेदनों के निरस्तीकरण में कमी आएगी और नागरिकों को समय पर सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
बैठक में प्रभारी सचिव ने पुलिस विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट की जानकारी ली। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था की स्थिति, लंबित आपराधिक प्रकरणों की निराकरण एवं महिला एवं बाल सुरक्षा संबंधित अपराध की समीक्षा की।
सड़क परियोजनाओं, आरडीए के विकास कार्यों और धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा
श्रीमती शर्मा ने लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम द्वारा संचालित प्रमुख सड़क निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) की नवीन परियोजनाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बारदाने की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडिशनल कमिश्नर पुलिस अमित तुकाराम काम्बले ने बताया कि पुलिस कमिश्नरेट द्वारा लगातार यातायात संकेतक एवं रोड मार्किंग का कार्य किया जा रहा है। हेलमेट एवं सीट बेल्ट के नियमों का पालन करने के लिए आम नागरिकों से लगातार अपील की जा रही है। हमारी टीम द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता गतिविधियां भी की जा रही है। श्री काम्बले में बताया कि नशीले पदार्थों के रोकथाम के लिए लगातार कार्यवाही की जा रही है एवं साइबर क्राइम को रोकने के लिए कार्यवाही एवं व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि रायपुर जिले में प्रथम चरण में 100 हेक्टेयर जल क्षेत्र में तिलापिया मछली उत्पादन को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत लगभग 100 किसानों को जोड़कर मत्स्य कृषक उत्पादक संगठन बनाया जाएगा। साथ ही मछली की प्रोसेसिंग, फिलेटिंग और पैकेजिंग की सुविधा विकसित करने के लिए धमतरी एवं कांकेर में संभावित स्थलों का निरीक्षण किया जाएगा। इससे मछली उत्पादन बढ़ाने, किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय में वृद्धि करने में मदद मिलेगी।
बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

