मतलोंगा-अलोरी मार्ग पर ईब नदी का पुल 65 प्रतिशत पूर्ण, मार्च 2027 तक पूरा होने की संभावना
4.03 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा पुल निर्माणाधीन, लोक निर्माण विभाग ने स्थिति स्पष्ट की
जशपुर : मतलोंगा-अलोरी को जोड़ने वाला 4 करोड़ का पुल अधूरा, नदी पार करने ग्रामीण ने बनाई देसी नाव” शीर्षक से प्रकाशित समाचार के संबंध में लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण उपसंभाग जशपुर द्वारा वस्तुस्थिति स्पष्ट की गई है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अलोरी से मतलोंगा मार्ग पर ईब नदी में पुल निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन, लोक निर्माण विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर द्वारा 402.81 लाख रुपये (लगभग 4.03 करोड़ रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके बाद निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने पर श्री सुनील जायसवाल, ‘अ’ वर्ग ठेकेदार, वार्ड क्रमांक 30, ठनगनपारा, अंबिकापुर, जिला सरगुजा को संभागीय कार्यालय अंबिकापुर द्वारा 5 अगस्त 2025 को कार्यादेश जारी किया गया।
विभाग के अनुसार पुल निर्माण की निर्धारित पूर्णता तिथि 3 जुलाई 2026 थी। कार्यादेश वर्षा ऋतु के दौरान जारी होने तथा ईब नदी की चौड़ाई कम होने के बावजूद जलस्तर अधिक रहने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। इसके अलावा अप्रैल – मई 2026 में डीजल की अनुपलब्धता के कारण भी कार्य की गति प्रभावित हुई और निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका। लोक निर्माण विभाग के अनुसार वर्तमान में पुल निर्माण का लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। निर्माण कार्य के अंतर्गत 2 में से दोनों एबटमेंट पूर्ण, 5 में से 4 पियर पूर्ण तथा एक पियर की नींव का कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार 6 में से 2 स्लैब का निर्माण पूर्ण हो चुका है। पुल के साथ-साथ पहुँच मार्ग का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। विभाग ने बताया कि शेष निर्माण कार्य को गति देते हुए 31 मार्च 2027 तक पुल का निर्माण पूर्ण होने की संभावना है। लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया है कि मतलोंगा -अलोरी मार्ग पर ईब नदी में पुल का निर्माण कार्य जारी है तथा कार्य को पूर्ण करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और नदी पार करने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।


