जनहित में सार्वजनिक संस्थाओं की पहल, यातायात पुलिस को मिले 35 स्टॉपर
मेघ गंगा ग्रुप, दुर्ग द्वारा 20 नग एवं कोशी एयर क्लब एंड रिसोर्ट, करंजा भिलाई द्वारा 15 नग स्टॉपर प्रदान किए गए।
जनता की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम यातायात व्यवस्था के प्रति संस्थाओं ने सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया।
मार्ग डायवर्शन एवं विशेष यातायात व्यवस्था के दौरान स्टॉपर का उपयोग किया जाएगा।
दुर्ग : सड़क सुरक्षा एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक संस्थाओं द्वारा यातायात पुलिस दुर्ग को निरंतर सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में मेघ गंगा ग्रुप, दुर्ग ने 20 नग तथा कोशी एयर क्लब एंड रिसोर्ट, करंजा भिलाई ने 15 नग, कुल 35 नग स्टॉपर यातायात पुलिस दुर्ग को जनहित में प्रदान किए।
इन स्टॉपर का उपयोग मार्ग डायवर्शन, दुर्घटना स्थल, विशेष यातायात व्यवस्था एवं संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षित यातायात संचालन के लिए किया जाएगा। संस्थाओं की इस पहल से यातायात पुलिस को सड़क पर बेहतर एवं सुरक्षित यातायात प्रबंधन में मदद मिलेगी।
जनता की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए स्वेच्छा से किया गया यह सहयोग सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति संस्थाओं की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
यातायात पुलिस दुर्ग की अपील:-.
यातायात पुलिस द्वारा सार्वजनिक संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं नागरिकों से अपील की गई है कि सड़क सुरक्षा को जनअभियान बनाने में इसी प्रकार आगे आकर सहयोग करें।
सुरक्षित सड़क, सुगम यातायात — हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी।


