पढ़ाई के सपनों को मिलेगी आर्थिक उड़ान! बेटियों को अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति के तहत सालाना ₹30 हजार, 31 अगस्त तक आवेदन का सुनहरा मौका

पढ़ाई के सपनों को मिलेगी आर्थिक उड़ान! बेटियों को अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति के तहत सालाना ₹30 हजार, 31 अगस्त तक आवेदन का सुनहरा मौका

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति से बेटियों की उच्च शिक्षा को मिलेगा सहारा

छात्राओं को हर वर्ष 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता

जशपुर : आर्थिक कठिनाइयों के कारण बेटियों की उच्च शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा छात्राओं के लिए अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति शुरू की गई है। इस छात्रवृत्ति के तहत पात्र छात्राओं को हर वर्ष 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति का लाभ चयनित छात्राओं को उनकी डिग्री की अवधि के अनुसार 2 से 5 वर्षों तक मिल सकता है। इस प्रकार छात्राओं को अधिकतम 1.50 लाख रुपए तक की छात्रवृत्ति प्राप्त हो सकती है। फाउंडेशन के अनुसार छात्रवृत्ति का उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आर्थिक सहयोग देना है, ताकि आर्थिक कठिनाइयां उनकी पढ़ाई में बाधा न बनें। छात्रवृत्ति की राशि का उपयोग छात्राएं शिक्षा शुल्क अथवा शिक्षा पूरी करने से जुड़े अन्य आवश्यक खर्चों के लिए कर सकती हैं।

2026-27 में तीन चरणों में होगा छात्रवृत्ति कार्यक्रम –

वर्ष 2026-27 के लिए अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति का तीसरा चरण है। इसमें 19 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं। पात्र छात्राओं के लिए आवेदन दो चरणों में स्वीकार किए जाएंगे। पहला आवेदन चरण 10 से 31 अगस्त 2026 तथा दूसरा चरण 10 से 31 जनवरी 2027 तक रहेगा।

कौन छात्राएं कर सकती हैं आवेदन? –

छात्रवृत्ति के लिए निर्धारित पात्रता के अनुसार ऐसी छात्राएं आवेदन कर सकती हैं, जो कक्षा 10वीं या 12वीं में किसी राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश के सरकारी विद्यालय/महाविद्यालय में नियमित छात्रा के रूप में अध्ययनरत हों। इसके अलावा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भारत के किसी सरकारी संस्थान अथवा चयनित निजी महाविद्यालय/विश्वविद्यालय में 2 से 5 वर्ष की अवधि वाले डिग्री पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली पात्र छात्राएं भी योजना के दायरे में आती हैं।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सरल –

छात्रवृत्ति के लिए आवेदन अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है। आवेदन के दौरान छात्राओं को आवश्यक दस्तावेजों की स्पष्ट एवं रंगीन प्रतियां अपलोड करनी होंगी। इनमें पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, शैक्षणिक अंकसूची तथा प्रवेश से संबंधित आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं। आवेदन प्रक्रिया में पहले पंजीकरण कर छात्रवृत्ति पोर्टल पर लॉगिन करना होगा। आवेदन जमा होने के बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश के माध्यम से आवेदन पहचान संख्या प्राप्त होगी। अंतिम तिथि से पहले आवेदन में आवश्यक सुधार कर उसे दोबारा जमा भी किया जा सकता है।

छात्राओं से छात्रवृत्ति का लाभ लेने की अपील –

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने पात्र छात्राओं से निर्धारित अवधि में आवेदन करने की अपील की है। छात्रवृत्ति के संबंध में नवीनतम जानकारी, पात्रता, दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी फाउंडेशन की वेबसाइट पर उपलब्ध है। छात्राओं को आवेदन के लिए केवल आधिकारिक माध्यमों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। फाउंडेशन ने स्पष्ट किया है कि छात्रवृत्ति आवेदन के किसी भी चरण में बैंक खाते की जानकारी अथवा ओटीपी के लिए फोन या संदेश के माध्यम से संपर्क नहीं किया जाता है तथा छात्रवृत्ति के लिए किसी प्रकार का साक्षात्कार आयोजित नहीं किया जाता है।

Jashpur