देशभर के 25 हजार केंद्रों से एक करोड़ से अधिक युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ
जशपुर : भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा देशव्यापी “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए नशा मुक्त भारत के निर्माण का आह्वान किया।
यह ऐतिहासिक कार्यक्रम देश के लगभग 25,000 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया, जिसमें एक करोड़ से अधिक युवाओं ने वर्चुअल रूप से सहभागिता की। कार्यक्रम में MY Bharat स्वयंसेवकों, NSS, युवा क्लबों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों तथा अनेक प्रमुख आध्यात्मिक एवं सामाजिक संगठनों की भी सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 100 सप्ताह तक चलने वाले “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया, जिसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार देशभर में जनजागरूकता, खेल, सांस्कृतिक, फिटनेस, ध्यान, सामुदायिक सहभागिता एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, घोलेंग में स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ विद्यार्थियों एवं युवाओं ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन देखा एवं सुना। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री दुर्गेश पाठक ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशा मुक्त जीवन का संदेश दिया तथा सभी उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

