जशपुर में एफएसएसएआई अनुज्ञप्ति-पंजीयन शिविर आयोजित, 67 आवेदन प्राप्त, 15 को मौके पर जारी
जशपुर : खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा 30 जून को जिला पंचायत सभागार में एफएसएसएआई अनुज्ञप्ति-पंजीयन शिविर लगाया गया। इसमें किराना, होटल, ढाबा, डेयरी, फल-सब्जी विक्रेता, मेडिकल शॉप, मटन-चिकन दुकान, राइस मिल, कैटर्स व सड़क किनारे ठेला लगाने वाले कारोबारी शामिल हुए।
शिविर में नई अनुज्ञप्ति, बदलाव व नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा रही। डेढ़ करोड़ तक कारोबार पर पंजीयन शुल्क 100 रुपये और डेढ़ से पचास करोड़ तक पर अनुज्ञप्ति शुल्क 5000 रुपये वार्षिक है। सड़क किनारे खाद्य विक्रेताओं को पांच वर्ष का पंजीयन निःशुल्क दिया जा रहा है। आवेदन https://foscos.fssai.gov.in पर भी किए जा सकते हैं।
खाद्य सुरक्षा मित्र ने फॉर्म भरने, प्रिंट व स्कैन में मदद की। कुल 67 आवेदन मिले, 15 अनुज्ञप्ति-पंजीयन मौके पर जारी किए गए। शेष आवेदन तीन-चार दिन में जारी होंगे। विभाग आगे सभी विकासखंडों में भी शिविर लगाएगा।
शिविर में अभिहित अधिकारी सागर दत्ता एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी ठाकुर उपस्थित रहे। विभाग ने गुणवत्ता पूर्ण व स्वच्छ खाद्य पदार्थों की उपलब्धता के लिए ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही।

