कलेक्टर रोहित व्यास की सख्त चेतावनी: किसानों को समय पर मिले खाद-बीज, निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने वाले विक्रय केंद्र होंगे सील

कलेक्टर रोहित व्यास की सख्त चेतावनी: किसानों को समय पर मिले खाद-बीज, निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने वाले विक्रय केंद्र होंगे सील

कलेक्टर रोहित व्यास ने ग्राम पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की

किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश, अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई

सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें सुनिश्चित

जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने आज सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, सहकारिता, समाज कल्याण, श्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने पेंशन हितग्राहियों के आधार सीडिंग कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

 खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने राशन वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बरतने, शिकायतों की गंभीरता से जांच करने तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही शेष ई-केवाईसी कार्य को शीघ्र पूर्ण करने तथा संदिग्ध राशन कार्डों की जांच कर अपात्र एवं मृत व्यक्तियों के नाम हटाने की कार्रवाई प्राथमिकता से करने को कहा। श्रम विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक श्रमिकों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संगठित एवं असंगठित श्रमिकों के पंजीयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पात्र श्रमिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्व-सहायता समूहों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, बैंक लिंकेज को मजबूत करने तथा महिला समूहों द्वारा संचालित उद्यमों को ऋण उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में स्व-सहायता समूहों से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सके।

निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर खाद-बीज बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने खाद एवं बीज के भंडारण तथा वितरण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के सभी खाद विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को निर्धारित शासकीय दर पर ही उर्वरकों एवं प्रमाणित बीजों की बिक्री हो। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निजी खाद-बीज विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर विक्रय पाए जाने पर संबंधित केंद्रों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित निजी विक्रय केंद्रों को सील करने की कार्रवाई करें। इसके अलावा उन्होंने किसानों का शत-प्रतिशत एग्रीस्टैक पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए यह पंजीयन आवश्यक है।

आंगनबाड़ी केंद्रों में विकसित होंगी पोषण वाटिकाएं

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने शेष आंगनबाड़ी भवनों एवं शौचालय निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लंबित ई-केवाईसी कार्य जल्द पूरा करने तथा रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित सभी बच्चों की आपार आईडी समय पर बनाने के भी निर्देश दिए। साथ ही बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं में कुपोषण को दूर करने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित टेक होम राशन और टीएचआर की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका विकसित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे बच्चों को ताजे फल एवं सब्जियां उपलब्ध हो सकेंगी और उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग भी होगा।

पारंपरिक कुओं को चिन्हित कर जीर्णोद्धार करने में निर्देश

स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ओडीएफ प्लस मॉडल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा संग्रहण व्यवस्था, हाट-बाजारों की साफ-सफाई, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट तथा स्वच्छता श्रमदान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नए शैक्षणिक सत्र को देखते हुए सभी विद्यालयों, आश्रमों एवं छात्रावास परिसरों में श्रमदान के माध्यम से साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही पारंपरिक कुओं को चिन्हित कर उनके जीर्णोद्धार की कार्रवाई करने को कहा। कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सभी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों से अनिवार्य रूप से यूजर चार्ज वसूलने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, पीएम जनमन आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jashpur