कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने NH 43 के नवनिर्माण हेतु मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, जल्द समाधान की जताई आशा

कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने NH 43 के नवनिर्माण हेतु मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, जल्द समाधान की जताई आशा

मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति, धूल, गड्ढे और जलभराव की गंभीर समस्या का हुआ उल्लेख

कुनकुरी, 30 जुलाई 2025: कुनकुरी नगर पंचायत के अध्यक्ष विनयशील ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को एक औपचारिक पत्र प्रेषित कर कुनकुरी नगर की मुख्य सड़क NH-43 के नवनिर्माण एवं इसके दोनों ओर बड़े नालों (स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज) के निर्माण की तत्काल आवश्यकता को रेखांकित किया है। यह सड़क नगर की जीवनरेखा मानी जाती है, जो हनुमान टेकरी से लेकर बेमताटोली नर्सरी तक फैली हुई है, लेकिन वर्तमान में यह अत्यंत जर्जर, असमान और गड्ढों से भरी हुई है।

जनजीवन बुरी तरह प्रभावित, स्कूल बच्चों व बुजुर्गों को परेशानी

पत्र में बताया गया है कि बरसात के दौरान कीचड़ और जलभराव से आवागमन में भारी कठिनाइयाँ आ रही हैं, जबकि सूखे मौसम में सड़क पर उड़ने वाली धूल लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। विशेषकर विद्यालय जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और व्यापारियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ठप, घरों के सामने जमा हो रहा पानी

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि मुख्य सड़क के दोनों ओर नालियों का अभाव है, जिसके कारण बारिश का पानी सड़क और घरों के सामने जमा हो रहा है। इससे आसपास के क्षेत्रों में जलभराव और गंदगी की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

तत्काल स्वीकृति और बजट आवंटन की माँग

नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने मुख्यमंत्री से निवेदन किया है कि इस परियोजना को प्राथमिकता में शामिल करते हुए इसके लिए आवश्यक बजट आवंटन किया जाए एवं कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय इस जनसरोकार के मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए त्वरित निर्णय लेंगे।

Jashpur