कलेक्टर ने बाकी नदी और सन्ना रोड़ सेतु निर्माणाधीन पुल का किया निरीक्षण।
निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश।
जशपुर : जशपुर में आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए निर्माणाधीन पुलों के कार्यों पर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। कलेक्टर रोहित व्यास ने बाकी नदी और सन्ना रोड पर बन रहे पुलों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। करीब 4 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से बन रहे 72 मीटर लंबे बाकी नदी पुल के निर्माण में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
कलेक्टर रोहित व्यास ने गुरुवार को जशपुर नगर को गम्हरिया से जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्ग पर बाकी नदी और सन्ना रोड़ में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया।
लगभग 4 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से 72 मीटर लंबाई के इस पुल का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।
यह पुल जशपुर नगर को गम्हरिया से जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्ग के बीच बहने वाली बाकी नदी में निर्मित हो रहा है। गम्हरिया से एनएच-43 होकर गुजरती है।
ब्रिटिश शासनकाल में निर्मित पुराना पुल जर्जर हो चुका था, जिसे हटाकर इसके स्थान पर नए पुल का निर्माण किया जा रहा है। नए पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा तथा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इसी प्रकार सन्ना रोड़ पर बनाए जा रहे सेतु पुल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री व्यास ने पुल निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के साथ ही कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें।
कलेक्टर ने पुल एवं सड़क के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सड़क किनारे आवश्यक सुरक्षा उपाय एवं अन्य प्रावधान करने को कहा, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आवागमन करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
इस दौरान सेतु निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


