महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर ‘पिंक पेट्रोल टीम’ की समीक्षा बैठक आयोजित।
तीनो जोन के पिंक पेट्रोलिंग की ली गयी समीक्षा बैठक।
पिंक पैट्रोलिंग में अब तक 233 से अधिक शिकायतों का निराकरण।
छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा,सतर्कता एवं प्रभावी गश्त के दिए गए निर्देश।
महिलाओं/बच्चों की सुरक्षा का पर्याय – पिंक पेट्रोलिंग।
रायपुर : महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर रायपुर पुलिस ने अपनी निगरानी और गश्त व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। पिंक पेट्रोल टीम की समीक्षा बैठक में तीनों जोन की कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त के निर्देश दिए गए। खास बात यह है कि पिंक पेट्रोलिंग अब तक 233 से अधिक शिकायतों का निराकरण कर चुकी है। चोरी हुई साइकिल लौटाने से लेकर असहाय महिला की मदद और परिवार को टूटने से बचाने तक टीम ने सराहनीय कार्य किए हैं।
रायपुर में महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 25.11.2026 को पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना झा एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्रीमती निमिषा पाण्डेय की उपस्थिति में ‘पिंक पेट्रोल टीम’ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पिंक पेट्रोल टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से स्कूलों, कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों, कोचिंग सेंटरों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों द्वारा निर्देशित किया गया कि स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार अथवा महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पिंक पेट्रोल टीम आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं छात्राओं के बीच सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने तथा उन्हें पुलिस सहायता के प्रति जागरूक करने हेतु सक्रिय भूमिका निभाए।
समीक्षा बैठक के दौरान महिला सुरक्षा एवं संबंधित मामलों में अब तक प्राप्त कुल 233 शिकायतों की जानकारी साझा की गई। इन सभी शिकायतों पर पुलिस टीम द्वारा गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई तथा उनका निराकरण किया गया।
पिंक पेट्रोल द्वारा किए गए सराहनीय कार्य:- कोटा क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान चॉइस सेंटर के सामने से लड़की की रखी हुई साइकिल हरीश नायक के द्वारा चोरी कर लिया गया था जो कि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पहचान कर साइकिल पर बरामद किया गया और संबंधित लड़की को सुपुर्द किया गया बाद लड़के को सरस्वती नगर थानामें सुपुर्द किया गया
इसी क्रम में पंडरी क्षेत्र में असहाय, बीमार महिला के मिलने की सूचना पर उसे खाना और फल के साथ नारी निकेतन में दाखिल कराया गया।
ऐसे ही टिकरापारा क्षेत्र में पति पत्नी के विवाद में मध्यस्थता करते हुए एक परिवार को टूटने से बचाने का प्रयास किया गया।
(निजता की सुरक्षा के लिए नामों का उल्लेख नहीं इया गया है)
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा स्पष्ट किया गया कि महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व भी है। इस दिशा में पिंक पेट्रोल टीम की सक्रियता, नियमित गश्त एवं त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि राजधानी में महिलाएं एवं छात्राएं सुरक्षित वातावरण में निर्भीक होकर आवागमन कर सकें।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं निर्भीक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।


