मात्र 10 घंटे के भीतर थाना उरला पुलिस ने दो अपहृत नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलाया
तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र की मदद से जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सरसींवा क्षेत्र से दोनों बालिकाओं को किया गया सकुशल बरामद
रायपुर : दो नाबालिग बालिकाओं के अपहरण की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, लेकिन उरला पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 10 घंटे में दोनों बालिकाओं को सकुशल खोज निकाला। तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के सहारे पुलिस टीम जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सरसींवा क्षेत्र तक पहुंची और दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई इस त्वरित कार्रवाई के बाद बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
थाना उरला में दो नाबालिग बालिकाओं के अपहरण के संबंध में अपराध क्रमांक 615/2026 एवं 616/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध होने पर पुलिस द्वारा तत्काल विशेष टीम गठित कर पतासाजी प्रारंभ की गई।
डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप द्वारा तत्काल टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उनके नेतृत्व में एडीसीपी आदित्य पांडे एवं एसीपी उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधांशु बघेल की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए मात्र 10 घंटे में दोनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया।
प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि थाना उरला क्षेत्र से दो नाबालिग बालिकाओं के लापता होने की सूचना प्राप्त होने पर थाना उरला में अपराध क्रमांक 615/2026 एवं 616/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित कर बालिकाओं की शीघ्र पतासाजी एवं सकुशल बरामदगी के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक सुधांशु बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई।
पुलिस टीम द्वारा बिना समय गंवाए तकनीकी सहायता, आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर बालिकाओं की पतासाजी प्रारंभ की गई। टीम ने प्राप्त सूचनाओं एवं तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण करते हुए संभावित स्थानों पर लगातार जानकारी जुटाई। प्रत्येक महत्वपूर्ण सुराग पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सरसींवा क्षेत्र तक पहुंची, जहां से दोनों अपहृत नाबालिग बालिकाओं को मात्र 10 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस टीम की तत्परता, सतत मेहनत, आपसी समन्वय एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई सुनियोजित कार्रवाई के परिणामस्वरूप दोनों बालिकाओं को कम समय में दूसरे जिले से सकुशल बरामद करना संभव हुआ। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के पश्चात दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
रायपुर कमिश्नरेट महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी बालक या बालिका के लापता होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


