टिकरापारा क्षेत्रांतर्गत संतोषी नगर स्थित सूने मकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
आरोपी के कब्जे से 50,000/- रूपये कीमत के चोरी के चांदी के आभूषण व नगदी रकम जप्त
आरोपी पूर्व में भी चोरी व आर्म्स एक्ट के प्रकरणों में रह चुका है जेल निरूद्ध
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही
रायपुर : प्रार्थी मुकेश चौहान निवासी संतोषी नगर टिकरापारा ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 16.11.2026 को प्रातः वह अपने घर में ताला लगाकर परिवार सहित छठ पूजा करने नरैया तालाब, सिद्धार्थ चौक गया था। वापस आकर ताला खोलकर घर के अंदर प्रवेश किया तो घर का सामान बिखरा पड़ा था तथा कमरे में रखी आलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। लॉकर में रखे चांदी के आभूषण एवं नगदी रकम नहीं थे। कोई अज्ञात चोर प्रार्थी के घर की छत पर टावर के रास्ते घर के अंदर प्रवेश कर उक्त मशरूका चोरी कर ले गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 1045/26 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई। साथ ही घटना स्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों का बारीकी से अवलोकन किया गया तथा अज्ञात आरोपी की पतासाजी के लिए मुखबिर लगाया गया।
सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसके संबंध में जानकारी एकत्र कर उसकी पहचान संतोषी नगर, टिकरापारा निवासी खिलावन ध्रुव के रूप में की गई। पुलिस टीम द्वारा तत्काल आरोपी की पतासाजी कर उसे पकड़ा गया।
साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर आरोपी खिलावन ध्रुव द्वारा उक्त चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया।
आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण एवं नगदी रकम जुमला कीमती लगभग 50,000/- रुपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
आरोपी का पूर्व रिकार्ड- आरोपी खिलावन ध्रुव पूर्व में भी थाना टिकरापारा से चोरी एवं आर्म्स एक्ट के प्रकरणों में जेल निरूद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपी – खिलावन ध्रुव पिता जीवन लाल ध्रुव उम्र 28 साल निवासी संतोषी नगर ग्रामीण बैंक के बाजू थाना टिकरापारा रायपुर।


