घर बैठे मोबाइल से टोकन काटकर किसान उल्लेश साहू ने बेचा 71 क्विंटल धान
‘तुहर टोकन’ ऐप से किसानों की राह हुई आसान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की किसान हितैषी पहल से समय और मेहनत की हो रही बचत, किसान ने जताया आभार
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए शुरू की गई ऑनलाइन टोकन सुविधा किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। अब किसान घर बैठे अपने मोबाइल से धान विक्रय का टोकन प्राप्त कर रहे हैं। रायपुर जिले के ग्राम मुजगहन निवासी किसान उल्लेश साहू ने भी ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त कर सेजबहार उपार्जन केंद्र में 71 क्विंटल धान का विक्रय किया।
किसान साहू ने बताया कि उनके पास साढ़े तीन एकड़ कृषि भूमि है। इस सीजन में उन्होंने कुल 71 क्विंटल धान बेचा है। पहले धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त करने समिति जाना पड़ता था, लेकिन अब मोबाइल ऐप से घर बैठे ही टोकन मिल रहा है। इससे किसानों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलने के साथ समय और मेहनत की भी बचत हो रही है।
श्री साहू ने बताया कि सेजबहार धान उपार्जन केंद्र में किसानों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। केंद्र में पेयजल, छाया और बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता रही। सुव्यवस्थित खरीदी व्यवस्था के कारण उन्हें धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। जिले में कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के निर्देशानुसार नोडल अधिकारियों द्वारा उपार्जन केंद्रों में निरीक्षण किया जा रहा है और सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है।
किसान उल्लेश साहू ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों की सुविधा और सम्मान का पूरा ध्यान रखा है। उन्होंने कहा, “अब धान बेचने के लिए टोकन लेने समिति के जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। घर बैठे मोबाइल से ही टोकन मिल जाता है। खरीदी केंद्र में भी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे हम किसानों का समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं। किसानों के हित में की गई इस अच्छी व्यवस्था के लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
ऑनलाइन टोकन सुविधा और उपार्जन केंद्रों में बेहतर व्यवस्थाओं से किसानों के लिए धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक सरल और सुविधाजनक हो रही है।


