स्कूल में काम की मजदूरी को लेकर हुआ विवाद पहुंचा हत्या तक! सिर पर फावड़े से वार के बाद घायल की उपचार के दौरान मौत, घटना के 6 दिन बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

स्कूल में काम की मजदूरी को लेकर हुआ विवाद पहुंचा हत्या तक! सिर पर फावड़े से वार के बाद घायल की उपचार के दौरान मौत, घटना के 6 दिन बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

हत्या के मामले में नारायणपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार।

मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद में मारपीट से घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु, घटना में प्रयुक्त फावड़ा जब्त।

नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अजय सिंह के नेतृत्व में नारायणपुर पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी कुकड़ाझोर कृष्णा साहू द्वारा हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

घटना का संक्षिप्त विवरण :– प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोचवाही में स्कूल में किए गए कार्य की मजदूरी के पैसों को लेकर रंजन यादव एवं आरोपी परदेशी राम नेताम के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दिनांक 11 नवंबर 2026 को आरोपी द्वारा रंजन यादव के साथ मारपीट की गई, जिससे उसके सिर एवं शरीर में गंभीर चोटें आईं। घायल रंजन यादव को उपचार हेतु जिला अस्पताल नारायणपुर में भर्ती कराया गया, जहाँ से बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान दिनांक 15 नवंबर 2026 को रायपुर में उसकी मृत्यु हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नारायणपुर पुलिस द्वारा त्वरित विवेचना एवं कार्रवाई की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी परदेशी राम नेताम द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार की गई। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा गवाहों के समक्ष जब्त किया गया।

प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी परदेशी राम नेताम, पिता अंकूराम नेताम, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कोचवाही (गौठानपारा), थाना कुकड़ाझोर, जिला नारायणपुर को दिनांक 17 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

आरोपी के विरुद्ध थाना कुकड़ाझोर में अपराध क्रमांक 07/2026, धारा 296, 115(2), 351(2), 103 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी को दिनांक 17 नवंबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

नारायणपुर पुलिस द्वारा जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा गंभीर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी है।

Crime