कैंसर की दवाएं खरीदने से पहले जान लें नया नियम! 137 दवाओं की एमआरपी बदली, मरीजों से अधिक कीमत वसूली तो दवा विक्रेताओं और अस्पतालों पर गिरेगी कार्रवाई की गाज

कैंसर की दवाएं खरीदने से पहले जान लें नया नियम! 137 दवाओं की एमआरपी बदली, मरीजों से अधिक कीमत वसूली तो दवा विक्रेताओं और अस्पतालों पर गिरेगी कार्रवाई की गाज

137 कैंसर रोधी दवाओं की संशोधित कीमतों का लाभ मरीजों तक पहुँचाना अनिवार्य

निर्धारित कीमत से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई; अस्पतालों और दवा विक्रेताओं को मूल्य सूची प्रदर्शित करने के निर्देश

रायपुर : खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ ने प्रदेश के दवा निर्माताओं, वितरकों, स्टॉकिस्टों, खुदरा दवा विक्रेताओं, अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों एवं कैंसर उपचार संस्थानों को 137 गैर-अनुसूचित कैंसर रोधी दवाओं की संशोधित अधिकतम खुदरा कीमतों (एमआरपी) का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। संशोधित कीमतें 9 नवंबर 2026 से प्रभावी हैं।

नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए), भारत सरकार द्वारा 17 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के माध्यम से इन दवाओं पर व्यापार मार्जिन युक्तिकरण (ट्रेड मार्जिन रेशनलाइजेशन) लागू किया गया है। इसका उद्देश्य दवाओं की कीमतों में संशोधन का लाभ मरीजों तक पहुँचाना है। संबंधित संस्थानों को एनपीपीए द्वारा उपलब्ध कराई गई औषधि कंपनियों की नवीनतम संशोधित मूल्य सूची के अनुसार दवाओं का विक्रय सुनिश्चित करना होगा।

सभी संबंधित प्रतिष्ठानों एवं चिकित्सा संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे संशोधित मूल्य सूची अथवा पूरक मूल्य सूची अपने परिसर में ऐसे स्थान पर प्रदर्शित करें, जहाँ मरीज एवं उनके परिजन उसे आसानी से देख सकें। जहाँ लागू हो, यह सूची संस्थान की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाए।

अस्पतालों एवं चिकित्सा संस्थानों को उनके यहाँ उपलब्ध तथा मरीजों को दी जाने वाली संबंधित कैंसर रोधी दवाओं की एमआरपी का संशोधित मूल्य सूची से नियमित मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी मरीज से लागू संशोधित एमआरपी से अधिक राशि नहीं ली जा सकती। साथ ही, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और उनकी कमी की स्थिति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।

नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि अधिक मूल्य वसूली अथवा निर्देशों के उल्लंघन के मामलों में औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश, 2013 तथा अन्य लागू वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। सभी संबंधित संस्थानों को मूल्य सत्यापन एवं निगरानी के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक सहयोग देना होगा।

अधिक मूल्य वसूली या दवाओं की अनुपलब्धता की शिकायत यहाँ करें

छत्तीसगढ़ मूल्य निगरानी एवं संसाधन इकाई (सीजीपीएमआरयू): 9340597097

एनपीपीए हेल्पलाइन:- 1800-111-255

फार्मा सही दाम ऐप/पोर्टल

ईमेल:- cg-pmru@cg.gov.in

एनपीपीए ईमेल:- monitoring-nppa@gov.in

नियंत्रक कार्यालय ईमेल:- controllerraipur@gmail.com

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मरीजों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि संबंधित दवाओं की खरीद के समय संशोधित कीमत की जानकारी लें तथा किसी भी अनियमितता की सूचना उपर्युक्त माध्यमों से दें।

Chhattisgarh