नाबालिगों के हाथों में गाड़ियों की चाबी और स्कूल वैन में ठूंस-ठूंसकर बच्चे… रायपुर में यातायात पुलिस का विशेष अभियान, सुरक्षा नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई!

नाबालिगों के हाथों में गाड़ियों की चाबी और स्कूल वैन में ठूंस-ठूंसकर बच्चे… रायपुर में यातायात पुलिस का विशेष अभियान, सुरक्षा नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई!

स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस का विशेष स्कूल वाहन चेकिंग एवं सुरक्षा अभियान

दो दिवसीय अभियान में 32 वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई, पूर्व की कार्रवाई सहित अब तक कुल 392 कार्रवाई

रायपुर : स्कूली बच्चों की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा स्कूल वाहन चेकिंग एवं सुरक्षा अभियान के तहत दिनांक 04 एवं 05 नवंबर को दो दिवसीय विशेष अभियान संचालित किया गया।

यह अभियान पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में एवं डीसीपी यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाया गया।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस की विभिन्न टीमों द्वारा तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, भाटागांव, टाटीबंध, फाफाडीह एवं पंडरी क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के बाहर छुट्टी के समय विशेष चेकिंग पॉइंट लगाकर स्कूल बस, वैन एवं ऑटो की जांच की गई।

अभियान के दौरान प्रमुख रूप से निम्नलिखित कार्रवाई एवं निरीक्षण किए गए—

1. नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई

स्कूलों के आसपास ऐसे विद्यार्थियों की जांच की गई, जो नाबालिग होने के बावजूद दोपहिया एवं अन्य वाहन चलाकर स्कूल आना-जाना कर रहे थे।

नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई तथा अभिभावकों को भी यातायात नियमों के पालन एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

2. क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले ऑटो एवं वैन पर कार्रवाई

ऑटो एवं स्कूल वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को ठूंस-ठूंसकर बैठाने वाले वाहन चालकों की जांच की गई।

बच्चों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले वाहन चालकों को समझाइश दी गई तथा उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

3. स्कूल बसों के सुरक्षा मानकों का निरीक्षण

स्कूल परिवहन में संचालित बसों की जांच कर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।

बसों में सीसीटीवी कैमरा, फायर एक्सटिंग्विशर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता की जांच की गई।

फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, रजिस्ट्रेशन, बीमा, पीयूसी सहित आवश्यक वाहन दस्तावेजों का निरीक्षण किया गया।

4. चालक एवं परिचालकों का सत्यापन

स्कूल वाहन चालकों एवं परिचालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, पहचान पत्र एवं पुलिस वेरिफिकेशन की जांच की गई।

वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा रैश ड्राइविंग एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन नहीं करने के निर्देश दिए गए।

5. स्कूल प्रबंधन के साथ सुरक्षा संबंधी चर्चा

विभिन्न स्कूलों के प्रबंधन एवं जिम्मेदार प्रतिनिधियों से मुलाकात कर स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन के संबंध में चर्चा की गई।

स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि वे स्कूल परिवहन में लगे वाहनों एवं उनके चालकों की नियमित निगरानी करें तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित कराएं।

यातायात पुलिस की अपील:- रायपुर यातायात पुलिस द्वारा स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों एवं वाहन चालकों से अपील की जाती है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें। ऑटो एवं वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाएं तथा स्कूल बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा स्कूली बच्चों की सुरक्षा एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए स्कूल वाहन चेकिंग एवं सुरक्षा अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh Crime