डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान-5.0 के तहत रेलवे पेंशनरों के लिए विशेष शिविरों का आयोजन
अनूपपुर एवं पेंड्रारोड स्टेशनों पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
बिलासपुर : रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशानुसार रेलवे पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए 01 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान-5.0 चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य पेंशनरों को घर बैठे अथवा सुविधाजनक स्थान पर डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना है।
इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा 03 से 25 नवम्बर 2026 तक विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के पेंशन अनुभाग में सभी कार्यालयीन दिवसों, केंद्रीय चिकित्सालय, बिलासपुर तथा मंडल के 10 प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित तिथियों में शिविर लगाए जा रहे हैं।
अनूपपुर एवं पेंड्रारोड स्टेशनों पर शिविर आयोजित:- इस अभियान के अंतर्गत 03 नवम्बर को अनूपपुर एवं 04 नवम्बर को पेंड्रारोड रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में पेंशनभोगियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों के आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ऑनलाइन डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जारी किए गए।
इस अवसर पर उप मंडलीय रेलवे चिकित्सालय, शहडोल एवं रोड मोबाइल मेडिकल वैन (RMMV) की विशेष मेडिकल टीम द्वारा पेंशनरों को स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य जांचों के साथ ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर की जांच तथा चिकित्सकीय परामर्श की निःशुल्क सुविधा प्रदान की गई।
डिजिटल जागरूकता के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं का भी लाभ:- शिविरों में रेलवे पेंशनरों को एक ही स्थान पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने, आवश्यक तकनीकी जानकारी प्राप्त करने तथा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ मिल रहा है। यह अभियान रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनके प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


