धान की परंपरागत खेती छोड़ 10 एकड़ में उगा रहे सब्जियां, फूल और केले, राष्ट्रीय बागवानी मिशन ने किसान अमरनाथ साहू की बदली खेती की तस्वीर; आधुनिक तकनीक से बनाई नई पहचान

धान की परंपरागत खेती छोड़ 10 एकड़ में उगा रहे सब्जियां, फूल और केले, राष्ट्रीय बागवानी मिशन ने किसान अमरनाथ साहू की बदली खेती की तस्वीर; आधुनिक तकनीक से बनाई नई पहचान

सफलता की कहानी: राष्ट्रीय बागवानी मिशन से किसान अमरनाथ साहू की खेती को मिली नई दिशा

शासकीय योजना के सहयोग और आधुनिक तकनीक से 10 एकड़ में कर रहे विविध उद्यानिकी फसलों की खेती

राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत मल्चिंग तकनीक का मिला लाभ, परंपरागत धान की खेती से आगे बढ़कर बनाई नई पहचान

राजनांदगांव : राष्ट्रीय बागवानी मिशन किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उनकी खेती को अधिक उन्नत एवं लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन से लाभान्वित होकर राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम देवादा निवासी किसान अमरनाथ साहू ने खेती को नई दिशा दी है। किसान अमरनाथ साहू परंपरागत रूप से धान की खेती करते थे। उन्होंने राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत आधुनिक उद्यानिकी तकनीकों को अपनाकर विभिन्न प्रकार की सब्जियों, भाजी, फूलों एवं फलों की खेती कर रहे हैं। कृषक अमरनाथ साहू को राष्ट्रीय बागवानी मिशन अंतर्गत मल्चिंग तकनीक का लाभ प्रदान किया गया है। मल्चिंग के उपयोग से मिट्टी में नमी का संरक्षण होता है, खरपतवारों की समस्या कम होती है तथा फसलों की बेहतर देखभाल में सहायता मिलती है। इससे सिंचाई के पानी के बेहतर उपयोग और फसल प्रबंधन में भी सुविधा होती है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन के माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को परंपरागत खेती से आगे बढ़कर उद्यानिकी फसलों की ओर प्रोत्साहित कर रही है।

किसान अमरनाथ साहू के बताया कि उनके पास कुल 10 एकड़ कृषि भूमि है। पहले वह परंपरागत रूप से धान की खेती करते थे, लेकिन उद्यानिकी फसलों की संभावनाओं को देखते हुए खेती में विविधीकरण का निर्णय लिया। वर्तमान में लगभग 7.50 एकड़ क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की सब्जियों व फूलों तथा 2.50 एकड़ क्षेत्र में केले की खेती कर रहे हैं। खेतों में बैंगन, मिर्च, गोभी, करेला, चिचिंडा, भिंडी, बरबट्टी, सेम, खीरा, कद्दू, लौकी, मूली, गेंदाफूल सहित विभिन्न प्रकार की भाजी की फसल ले रहे है। विभिन्न फसलों की खेती से मौसम एवं बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने के अवसर मिल रही है। उद्यानिकी फसलों के उत्पादन करने के साथ स्थानीय बाजार में विक्रय भी करते है। कृषक अमरनाथ साहू ने राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत मिले आधुनिक उद्यानिकी तकनीकी मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया है। कृषक अमरनाथ साहू ने राष्ट्रीय बागवानी मिशन के माध्यम से आधुनिक तकनीकों का लाभ लेकर खेती में नवाचार और फसल विविधीकरण का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

Chhattisgarh