बिजली पोल लगाने के लिए खोदा जा रहा था गड्ढा, तभी जमीन से निकला 5 किलो का संदिग्ध कुकर बम! क्या बड़ी वारदात की थी साजिश? नारायणपुर पुलिस और ITBP ने समय रहते किया निष्क्रिय

बिजली पोल लगाने के लिए खोदा जा रहा था गड्ढा, तभी जमीन से निकला 5 किलो का संदिग्ध कुकर बम! क्या बड़ी वारदात की थी साजिश? नारायणपुर पुलिस और ITBP ने समय रहते किया निष्क्रिय

नारायणपुर पुलिस एवं आईटीबीपी की संयुक्त कार्रवाई, जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में मिला 05 किग्रा वजनी संदिग्ध कुकर आईईडी सुरक्षित रूप से निष्क्रिय

पुलिस सहायता केंद्र कुतुल क्षेत्रांतर्गत ग्राम केहनार के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में बिजली पोल लगाने हेतु गड्ढा खोदने के दौरान मिला था संदिग्ध आईईडी

आईटीबीपी के बम निरोधक दस्ते ने नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से किया निष्क्रिय, सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम सकुशल लौटी

नारायणपुर : जिले में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, नारायणपुर मनोज कुमार मंडावी के मार्गदर्शन में नारायणपुर पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा लगातार नक्सल विरोधी अभियान एवं सर्चिंग की कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक 04 नवंबर 2026 को पुलिस सहायता केंद्र कुतुल क्षेत्रांतर्गत ग्राम केहनार के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में बिजली पोल लगाने हेतु गड्ढा खोदने के दौरान संदिग्ध कुकर आईईडी मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी।

सूचना प्राप्त होने पर सहायक उप निरीक्षक अंतु पोटाई के हमराह जिला बल एवं आईटीबीपी की 41वीं वाहिनी के बम निरोधक दस्ते (BDS) द्वारा तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना होकर केहनार–कुतुल मार्ग के मध्य स्थित जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग की गई।

सर्चिंग के दौरान कुतुल कैंप से लगभग 07 किमी दूर फरसबेडा रोड पर 05 किग्रा वजनी संदिग्ध प्रेशर कुकर आईईडी बरामद हुआ। आईटीबीपी के बम निरोधक दस्ते (BDS) द्वारा आवश्यक सुरक्षा सावधानियाँ बरतते हुए नियंत्रित विस्फोट के माध्यम से उक्त आईईडी को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया गया। कार्रवाई के उपरांत सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम सकुशल वापस लौटी।

नारायणपुर पुलिस की अपील:- नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों, सड़कों अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर उसे छूने या हटाने का प्रयास न करें। ऐसी वस्तु की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा सुरक्षा बलों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक सुरक्षा कार्रवाई की जा सके।

Crime