शास्त्री चौक के प्रतिबंधित रास्तों पर ऑटो-ई-रिक्शा लेकर घुसे तो कटेगा चालान! रायपुर ट्रैफिक पुलिस का दो दिवसीय विशेष अभियान, नियम तोड़ने वाले 27 चालकों पर कार्रवाई

शास्त्री चौक के प्रतिबंधित रास्तों पर ऑटो-ई-रिक्शा लेकर घुसे तो कटेगा चालान! रायपुर ट्रैफिक पुलिस का दो दिवसीय विशेष अभियान, नियम तोड़ने वाले 27 चालकों पर कार्रवाई

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चलाया गया विशेष अभियान।

शास्त्री चौक प्रतिबंधित मार्ग पर ऑटो एवं ई-रिक्शा के विरुद्ध यातायात पुलिस की कार्यवाही

प्रतिबंधित मार्ग एवं समय में प्रवेश करने वाले 27 ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्यवाही।

रायपुर : शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से शास्त्री चौक के चारों ओर स्थित प्रमुख मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा एवं मैजिक यात्री वाहनों का आवागमन प्रातः 05:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक प्रतिबंधित किया गया है।

प्रतिबंधित प्रवेश मार्ग निम्नानुसार हैं—

1. जयस्तंभ चौक की ओर से आने वाले वाहन :- बांबे मार्केट टर्निंग से।

2. रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहन :- मरहीमाता चौक से।

3. महिला थाना की ओर से आने वाले वाहन :- बंजारी चौक से।

4. कलेक्ट्रेट चौक की ओर से आने वाले वाहन :- कलेक्ट्रेट चौक से।

वैकल्पिक मार्ग :– बंजारी चौक से बांबे मार्केट टर्निंग, रजबंधा मैदान, मरहीमाता चौक, खालसा स्कूल तिराहा, खजाना चौक एवं राजभवन चौक होकर आवागमन किया जा सकता है।

उक्त प्रतिबंधित मार्ग एवं समय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने हेतु डीसीपी ट्रैफिक व प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में विगत दो दिवस से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान यातायात थाना प्रभारी शारदा चौक एवं यातायात थाना प्रभारी पंडरी  द्वारा शास्त्री चौक एवं घड़ी चौक पर चेकिंग की गई। इस दौरान प्रतिबंधित मार्ग एवं समय में संचालित पाए गए 27 ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक चालानी कार्यवाही की गई।

यातायात पुलिस द्वारा संबंधित वाहन चालकों को भविष्य में प्रतिबंधित मार्ग एवं समय का उल्लंघन नहीं करने की समझाइश देते हुए चेतावनी भी दी गई कि आदेश का उल्लंघन करने पर आगामी दिनों में और अधिक सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

यातायात पुलिस रायपुर की अपील:- ऑटो, ई-रिक्शा एवं मैजिक वाहन चालक निर्धारित प्रतिबंधित मार्ग एवं समय का पालन करें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

Crime