‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के संदेश के साथ निकाली गई प्रभात फेरी
बिलासपुर स्टेशन पर नुक्कड़-नाटक के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के प्रति किया जागरूक
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम पर आज प्रभात फेरी एवं नुक्कड़-नाटक का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य आमजनों को ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के प्रति जागरूक करने के साथ भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रातः महाप्रबंधक कार्यालय परिसर से निकाली गई प्रभात फेरी तितली चौक होते हुए बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुँची। इस दौरान पोस्टर एवं “ईमानदारी अपनाएँ, भ्रष्टाचार मिटाएँ” जैसे नारों के माध्यम से राहगीरों एवं आम नागरिकों को सत्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।
प्रभात फेरी में अपर मंडल रेल प्रबंधक जे. एस. मीना, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी विकास सोनी, मंडल कार्मिक अधिकारी एस.एस.राव सहित मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारी-कर्मचारी, नागरिक सुरक्षा दल, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस तथा रेलवे स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर स्काउट्स-गाइड्स के बच्चों एवं सांस्कृतिक टीम द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। नुक्कड़ नाटक की जीवंत प्रस्तुति से अपने कर्तव्यों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने, कार्यों को पारदर्शिता के साथ संपन्न करने तथा अधिकारों एवं दायित्वों का सत्यनिष्ठा के साथ पालन करने का संदेश दिया गया। प्रस्तुति के माध्यम से यात्रियों एवं आम नागरिकों को नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक जे. एस. मीना ने कहा कि सतर्कता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक रेलकर्मी को अपने कार्यों में ईमानदारी, निष्ठा एवं पारदर्शिता बनाए रखनी चाहिए। साथ ही उन्होने सभी से आत्मानुशासन, नैतिक आचरण एवं सत्यनिष्ठा अपनाने तथा पारदर्शिता की संस्कृति को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
इन गतिविधियों के माध्यम से आमजनों एवं रेलकर्मियों को यह संदेश दिया गया कि ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को अपनाकर ही समृद्ध एवं भ्रष्टाचार मुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

