आखिर कैसे साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं? नारायणपुर के विद्यार्थियों ने साइबर सेल पहुंचकर जाना ठगी का पूरा खेल, पुलिस ने बताए बचाव के तरीके और शिकायत की प्रक्रिया

आखिर कैसे साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं? नारायणपुर के विद्यार्थियों ने साइबर सेल पहुंचकर जाना ठगी का पूरा खेल, पुलिस ने बताए बचाव के तरीके और शिकायत की प्रक्रिया

जिला कौशल विकास प्राधिकरण की पहल पर विद्यार्थियों ने जानी साइबर सेल की कार्यप्रणाली, साइबर अपराधों से बचाव की मिली जानकारी

इंडस्ट्रियल एक्सपोजर विजिट के तहत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नारायणपुर के विद्यार्थियों ने किया पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित साइबर सेल का शैक्षणिक भ्रमण।

साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव एवं शिकायत प्रक्रिया की दी जानकारी।

विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक के सुरक्षित उपयोग के साथ परिवार एवं समाज में साइबर जागरूकता फैलाने के लिए किया गया प्रेरित।

नारायणपुर : जिला कौशल विकास प्राधिकरण, नारायणपुर द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली से परिचित कराने तथा उनके व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से संचालित इंडस्ट्रियल एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के अंतर्गत आज दिनांक 27.10.2026 को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नारायणपुर के विद्यार्थियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित साइबर सेल का शैक्षणिक भ्रमण किया।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में अपनाई जाने वाली कार्यप्रणालियों, आधुनिक तकनीकों एवं उनके व्यावहारिक उपयोग से अवगत कराना है, ताकि विद्यार्थियों में नई चीजों को जानने, समझने एवं सीखने की रुचि विकसित हो सके।

भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा विद्यार्थियों को साइबर सेल की कार्यप्रणाली, साइबर अपराधों की प्रकृति तथा उनकी रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा किए जाने वाले कार्यों के संबंध में जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को बताया गया कि किस प्रकार साइबर अपराधी फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन प्रलोभन, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट एवं अन्य भ्रामक तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी का शिकार बनाते हैं। साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपायों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक सावधानियां बताई गईं।

इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना विलंब किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं।

साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि डिजिटल युग में तकनीकी जानकारी के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना भी अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को स्वयं सतर्क रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे समाज में साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

जिला कौशल विकास प्राधिकरण की इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। वहीं नारायणपुर पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर उन्हें जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने तथा समाज में साइबर जागरूकता के प्रसार में सहभागी बनने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Chhattisgarh