बाजे-गाजे के साथ निकली कलश यात्रा, गायत्री मंदिर परिसर स्थित पंडाल में स्थापित हुईं मां दुर्गा की प्रतिमा.
बंदरचूआ में भव्य कलश यात्रा में सम्मिलित हुईं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय
जशपुर/कुनकुरी : शारदीय नवरात्रि के आगमन के साथ ही जशपुर जिले में भक्ति और आस्था का उल्लास छा गया है। देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में मां भवानी की आराधना शुरू हो गई है। बंदरचूआ में बाजे-गाजे और जयकारों के बीच भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय शामिल हुईं। यात्रा के बाद गायत्री मंदिर परिसर में विधि-विधान से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई, जिससे क्षेत्र में नौ दिवसीय अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ।
शारदीय नवरात्रि पर्व के शुभारंभ के साथ ही जिले भर में भक्तिमय वातावरण बन गया है। देवी मंदिरों से लेकर पूजा पंडालों तक मां दुर्गा की आराधना की धूम मची हुई है। जगह-जगह आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं और विधि-विधान के साथ मां भवानी की प्रतिमाएं स्थापित कर नौ दिनों तक चलने वाले शक्ति की उपासना के पर्व का शुभारंभ किया गया।
नवरात्रि के प्रथम दिवस रविवार को विभिन्न स्थानों पर भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं। इसी कड़ी में बंदरचूआ में आयोजित कलश-यात्रा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय सम्मिलित हुईं। उनकी उपस्थिति में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
बाजे-गाजे के साथ निकली भव्य कलश-यात्रा –
बंदरचूआ में नवरात्रि के प्रथम दिन निकाली गई कलश-यात्रा में श्रद्धालु बाजे-गाजे के साथ सम्मिलित हुए। भक्तिमय वातावरण में निकली कलश-यात्रा के दौरान मां दुर्गा के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ कलश-यात्रा में सहभागिता निभाई। कलश-यात्रा के पश्चात गायत्री मंदिर परिसर में बनाए गए आकर्षक पूजा पंडाल में विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई। इसके साथ ही क्षेत्र में नवरात्रि की पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया। यहां सार्वजिनक दुर्गा पूजा समिति अध्यक्ष – जयदीप गुप्ता, उपाध्यक्ष- अरुण गुप्ता, तरुण साहू, हरिशंकर साहू, नारायण गुप्ता, कल्याण गुप्ता, बजरंग साहू, विनय गुप्ता, रामभरत साहू, सत्यनारायण चौधरी, गोलू गुप्ता सहित सभी सदस्यों एवं ग्रामवासियों द्वारा यह आयोजन किया जा रहा है।
श्रद्धा और भक्ति में डूबा समूचा क्षेत्र –
नवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। भक्तजन मां दुर्गा की आराधना कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों और पूजा-अर्चना से क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहेगा।

