घर सूना मिला तो ताला तोड़कर दिया चोरी की वारदात को अंजाम, सामान-जेवर बांटकर बेचने वाले गिरोह का खुलासा; लवन पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा, लैपटॉप, पीतल के बर्तन, ₹2 हजार नकद समेत ₹28 हजार का माल जब्त

घर सूना मिला तो ताला तोड़कर दिया चोरी की वारदात को अंजाम, सामान-जेवर बांटकर बेचने वाले गिरोह का खुलासा; लवन पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा, लैपटॉप, पीतल के बर्तन, ₹2 हजार नकद समेत ₹28 हजार का माल जब्त

ग्राम मरदा में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले 02 शातिर चोर गिरफ्तार

ताला तोड़कर लैपटॉप, सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन व नकदी चोरी करने वाले आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

आरोपियों से HP कंपनी का लैपटॉप, 02 नग पीतल हवला (गुंडी), नकदी ₹2,000/- एवं घटना में प्रयुक्त औजार जप्त

आरोपियों से कुल ₹28,000 कीमत मूल्य का चोरी का सामान किया गया बरामद

प्रकरण के 02 फरार आरोपियों की पुलिस द्वारा सघन तलाश जारी

आरोपियों के विरुद्ध BNS की धारा 331(4),305(a),61(2),3(5) के तहत की गई कार्यवाही

​बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा गौरव राय (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन, में जिले में चोरी नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना लवन पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए ग्राम मरदा में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले 02 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। 

​घटना एवं अपराध का विवरण:- ​प्रार्थी सुनील कुमार जांगड़े (उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम मरदा, थाना लवन) द्वारा थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह काम के सिलसिले में रायगढ़ गया हुआ था तथा घर में ताला लगा था। दिनांक 28.09.2026 को घर वापस आकर देखा तो अज्ञात चोरों द्वारा मुख्य दरवाजे, अलमारी एवं बक्से का ताला तोड़कर अंदर रखे HP कंपनी का लैपटॉप, सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन, घरेलू सामान एवं नकदी रकम (कुल जुमला कीमती लगभग ₹1,83,000/-) चोरी कर लिया गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लवन में अपराध क्र. 335/2026 पंजीकृत कर विवेचना में लिया गया। 

​पुलिस कार्यवाही एवं आरोपियों की गिरफ्तारी:- विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही रुपेश कुमार साहू एवं मोती यादव (निवासी कोयदा) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करना तथा चोरी के सामान व जेवरात को आपस में बांटकर बेचने की बात स्वीकार की।​आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से चोरी का 01 नग HP कंपनी का लैपटॉप, बिक्री रकम में से बचे ₹2,000/- नगद, 02 नग पीतल का हवला (गुंडी) एवं घटना में प्रयुक्त औजार (सब्बल, चिमटा एवं चटवा) विधिवत जप्त किया गया। आरोपियों से कुल ₹28,000 कीमत मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया गया है। प्रकरण में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज दिनांक 07.10.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। 

​गिरफ्तार आरोपीगण:

1. ​रुपेश कुमार साहू पिता उड़न प्रसाद साहू, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम कोयदा, थाना लवन,

2. ​मोती यादव पिता मानसराम (मानसाय) यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम कोयदा, थाना लवन

Crime