हाथी दिखे तो गलती से भी न करें ये काम! साजापानी में गजरथ ने ग्रामीणों को बताई सुरक्षित सह-अस्तित्व की पूरी कहानी

हाथी दिखे तो गलती से भी न करें ये काम! साजापानी में गजरथ ने ग्रामीणों को बताई सुरक्षित सह-अस्तित्व की पूरी कहानी

वन्यप्राणी सुरक्षा सप्ताह : साजापानी के चट्टान पारा में गजरथ से दिया हाथी-मानव द्वंद्व रोकथाम का संदेश

जशपुर : वन्यप्राणी सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत जशपुर वनमंडल द्वारा हाथी-मानव द्वंद्व की रोकथाम एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन परिक्षेत्र कांसाबेल के हाथी प्रभावित क्षेत्र ग्राम साजापानी स्थित प्राथमिक शाला चट्टानपारा में गजरथ कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को हाथियों के व्यवहार और उनसे सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों, पंच-सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित लोगों को हाथियों के व्यवहार, उनके विचरण मार्ग तथा गतिविधियों के संबंध में सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाथी वन पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके संरक्षण में स्थानीय समुदाय की भूमिका अहम है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि हाथी दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसके नजदीक जाने या उसका पीछा करने का प्रयास न करें। हाथी की फोटो या वीडियो बनाने की कोशिश न करें तथा किसी भी प्रकार से उसे उकसाएं नहीं। हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। रात्रि के समय अकेले जंगल की ओर जाने से बचें तथा हाथी दिखाई देने पर भीड़ एकत्र न करें। पटाखे, आग या तेज शोर के माध्यम से हाथी को उत्तेजित करने से भी बचें। हाथी की उपस्थिति की जानकारी मिलने पर अपने परिवार, पड़ोसियों और पूरे गांव को सतर्क करें।

इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में हाथियों के विचरण से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी, सूचना संकलन और समय पर चेतावनी देने का कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “हाथी बचाएं, जंगल बचाएं और मानव जीवन सुरक्षित रखें” की भावना को मजबूत करना तथा हाथी और मानव के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम के अंत में जनजागरूकता संदेश दिया गया—

“हाथी हमारा साथी है, जंगल की शान और प्रकृति की पहचान है। हाथी दिखे तो दूरी बनाए रखें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।”

Jashpur