अबूझमाड़ में नारायणपुर पुलिस एवं 29वीं वाहिनी आईटीबीपी की बड़ी संयुक्त कार्रवाई
भटबेड़ा क्षेत्र में 06 प्रेशर कुकर आईईडी एवं 01 पाइप बम आईईडी बरामद, मौके पर किया गया सुरक्षित नष्ट
आईईडी निर्माण में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद, संयुक्त तलाशी अभियान से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मिली मजबूती
नारायणपुर : अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार चलाए जा रहे सघन तलाशी एवं क्षेत्र सैनिटाइजेशन अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस एवं 29वीं वाहिनी आईटीबीपी को 05.10.2026 को महत्वपूर्ण सफलता मिली।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, 29वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमान अधिकारी अभिषेक सूद एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) अक्षय साबद्रा के मार्गदर्शन में दिनांक 05.10.2026 को नारायणपुर पुलिस एवं 29वीं वाहिनी आईटीबीपी की संयुक्त टीम द्वारा अबूझमाड़ के भटबेड़ा क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान संचालित किया गया।
संयुक्त टीम द्वारा रैनार कैंप से माक्सोली–भाटबेड़ा–रैनार क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को क्षेत्र में कुछ संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं। टीम द्वारा तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए आसपास के इलाके में विस्तृत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक संदिग्ध डंप से 06 प्रेशर कुकर आईईडी एवं 01 पाइप बम आईईडी बरामद किए गए।
इसके अतिरिक्त आईईडी निर्माण में प्रयुक्त सामग्री में 01 मल्टीमीटर, 01 पेचकस, 01 सोल्डरिंग तार, 01 सोल्डरिंग आयरन एवं 03 वाहन खोलने की चाबियां भी बरामद की गईं।
बरामद विस्फोटक सामग्री को बम निरोधक एवं निष्क्रियता दल द्वारा आवश्यक सुरक्षा मानकों एवं सावधानियों के साथ मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट किया गया। बम निरोधक एवं निष्क्रियता दल का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक मोहन द्वारा किया गया।
यह कार्रवाई अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों की सतत सतर्कता, आपसी समन्वय एवं संयुक्त अभियान का परिणाम है। संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार सघन तलाशी अभियान संचालित कर संदिग्ध गतिविधियों एवं विस्फोटक सामग्री की तलाश की जा रही है।
नारायणपुर पुलिस एवं 29वीं वाहिनी आईटीबीपी की संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिली है तथा आमजन की सुरक्षा एवं क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

