ग्राम गिधौरी में बाढ़ के पानी से घिरे मकान में फंसे 09 लोगों को पुलिस, SDRF और प्रशासन की संयुक्त टीम ने निकाला सुरक्षित
महानदी जाने वाले मार्ग पर स्थित घर के चारों ओर भर गया था बाढ़ का पानी; मुस्तैद बचाव दल ने चलाया सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में आम नागरिकों की सुरक्षा हेतु 24×7 मुस्तैद
आपदा प्रबंधन और राहत कार्य के लिए पुलिस-प्रशासन का समन्वय जारी; ग्रामीणों ने जताया आभार
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन, में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस जिले में भारी बारिश एवं बाढ़ की स्थिति के बीच आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा हेतु पूरी तत्परता से मैदान में डटी हुई है। इसी क्रम में आज दिनांक 27.09.2026 को थाना गिधौरी पुलिस टीम, SDRF (राज्य आपदा मोचन बल) एवं स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए ग्राम गिधौरी में बाढ़ के पानी में फंसे एक ही परिवार के 09 सदस्यों को सकुशल बाहर निकाला।
घटना एवं रेस्क्यू ऑपरेशन का विवरण: आज दिनांक 27.09.2026 को थाना गिधौरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिधौरी में महानदी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित एक मकान के चारों तरफ अचानक बाढ़ का पानी भर गया। देखते ही देखते जलस्तर बढ़ने से घर में मौजूद 09 लोग पूरी तरह पानी से घिर गए और बाहर निकलने में असमर्थ हो गए। घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना गिधौरी पुलिस बल, प्रशासन एवं SDRF की रेस्क्यू टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू बोट एवं सुरक्षा उपकरणों की मदद से संयुक्त टीम ने अत्यंत सतर्कता बरतते हुए सभी 09 व्यक्तियों को सुरक्षित एवं सकुशल बाहर निकाला। रेस्क्यू के पश्चात सभी प्रभावितों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस लगातार मुस्तैद:- वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार जिले के समस्त जलमग्न एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस बल लगातार पेट्रोलिंग कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
पुलिस की सतर्कता अपील:- बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस समस्त नागरिकों से अपील करती है कि भारी बारिश के कारण उफान मार रही नदियों, नालों एवं रपट्टों से दूर रहें। जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने का जोखिम न उठाएं। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या बाढ़ से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल अपने नजदीकी थाना या आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क करें।


