OTP, UPI PIN और फर्जी लिंक से रहें सावधान! बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने गांव में लगाई ‘साइबर चौपाल’, 80 से ज्यादा ग्रामीणों और महिला कमांडो को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके

OTP, UPI PIN और फर्जी लिंक से रहें सावधान! बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने गांव में लगाई ‘साइबर चौपाल’, 80 से ज्यादा ग्रामीणों और महिला कमांडो को ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए तरीके

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा ग्राम सकरी(प) में ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत विशाल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

ग्रामीणों एवं महिला कमांडो की टीम को ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में दी गई विस्तृत जानकारी

सरपंच कुलदीपक खन्ना, महिला कमांडो अध्यक्ष टिकेश्वरी साहू एवं 80 से अधिक ग्रामीण महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग

साइबर अपराधों से सुरक्षा हेतु सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव: बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस

​बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन, में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा आम नागरिकों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी एवं साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने हेतु निरंतर ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 27.09.2026 को थाना पलारी पुलिस टीम द्वारा ग्राम सकरी(प) में एक दिवसीय साइबर जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

​कार्यक्रम का विवरण एवं साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण टिप्स:- आयोजित कार्यक्रम में पलारी पुलिस टीम द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को वर्तमान समय में हो रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया गया और उनसे बचाव के निम्नलिखित उपाय साझा किए गए:

1. ​ओटीपी एवं पिन गोपनीयता: किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना बैंक ओटीपी (OTP), यूपीआई पिन (UPI PIN), एटीएम कार्ड नंबर या पासवर्ड साझा न करें।

2. ​फर्जी कॉल एवं लकी ड्रॉ झांसा: लॉटरी, इनाम, या बैंक खाता ब्लॉक होने का झांसा देने वाली फर्जी कॉल्स एवं अज्ञात मैसेजेस से सावधान रहें।

3. ​अज्ञात लिंक्स एवं ऐप्स: व्हाट्सएप या एसएमएस पर प्राप्त अज्ञात लिंक्स (Links) पर क्लिक न करें तथा अनधिकृत लोन ऐप्स इंस्टॉल करने से बचें।

4. ​सोशल मीडिया सुरक्षा: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम) का सुरक्षित उपयोग करने और प्राइवेसी सेटिंग्स मजबूत रखने की सलाह दी गई।

​जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता:- कार्यक्रम में ग्राम सकरी(प) के सरपंच कुलदीपक खन्ना, महिला कमांडो अध्यक्ष टिकेश्वरी साहू सहित लगभग 80 की संख्या में ग्राम की महिला कमांडो, महिलाएं एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमुदाय एवं महिला कमांडो टीम ने पुलिस की इस पहल की सराहना की तथा साइबर सुरक्षा के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

​पुलिस की अपील एवं हेल्पलाइन:- बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस समस्त नागरिकों से अपील करती है कि साइबर अपराध का शिकार होने पर या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में बिना समय गंवाए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा अपने नजदीकी थाना या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर संपर्क करें।

Chhattisgarh