थाना पंडरी द्वारा शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), सड्डू में छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया गया जागरूक
साइबर जागृति अभियान के तहत आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम लगभग 150 छात्राएं हुईं शामिल
रायपुर : छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 24.09.2026 को थाना पंडरी द्वारा शासकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), सड्डू में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 150 छात्राओं के साथ संस्थान की शिक्षिकाएं एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ रहे विभिन्न साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी के तरीकों के बारे में सरल एवं व्यावहारिक तरीके से जानकारी दी गई। विशेष रूप से UPI फ्रॉड, OTP एवं बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक एवं वेबसाइट, फिशिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी, KYC अपडेट के नाम पर ठगी एवं साइबर ब्लैकमेलिंग जैसे मामलों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।
छात्राओं को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, UPI PIN अथवा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक, वेबसाइट या QR कोड का उपयोग करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें तथा सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी एवं फोटो साझा करते समय विशेष सावधानी बरतें।
साइबर ठगी की घटना होने पर घबराने के बजाय तत्काल 1930 पर शिकायत करने तथा National Cyber Crime Reporting Portal के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने एवं आवश्यक कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं एवं संस्थान के स्टाफ को स्वयं साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत नॉर्थ जोन के विभिन्न क्षेत्रों में आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं संस्थानों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने की प्रक्रिया लगातार जारी है।


