HNLU नवा रायपुर में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, मंत्री गजेंद्र यादव ने युवाओं को किया जागरूक; OTP, UPI फ्रॉड से लेकर ‘डिजिटल अरेस्ट’ तक बताए बचाव के तरीके

HNLU नवा रायपुर में गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश, मंत्री गजेंद्र यादव ने युवाओं को किया जागरूक; OTP, UPI फ्रॉड से लेकर ‘डिजिटल अरेस्ट’ तक बताए बचाव के तरीके

साइबर जागृति अभियान के तहत HNLU नवा रायपुर में साइबर अपराधों से बचाव को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मंत्री गजेंद्र यादव ने युवाओं को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक, सुरक्षित डिजिटल भविष्य के लिए सतर्कता एवं सावधानी को बताया आवश्यक

रायपुर : साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों के मद्देनजर आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत आज दिनांक 24.09.2026 को हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (HNLU), नवा रायपुर में विशेष साइबर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में गजेंद्र यादव, मंत्री छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों के प्रति सतर्क एवं जागरूक रहने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संदीप मित्तल, यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर व्ही. सी. विवेकानंद, रजिस्ट्रार दीपक श्रीवास्तव, रक्षित निरीक्षक वैभव मिश्रा, निरीक्षक प्रेम प्रकाश अवधिया, रायपुर साइबर रेंज के निरीक्षक महेश साहू सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, यूनिवर्सिटी के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों को बताए साइबर अपराधों से बचाव के उपाय

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों एवं उनसे बचने के व्यवहारिक उपायों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, OTP फ्रॉड, UPI फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाएं, डिजिटल अरेस्ट, साइबर ब्लैकमेलिंग, फर्जी नौकरी एवं लोन के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने की समझाइश दी गई।

पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा व्यक्तिगत दस्तावेज साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एप्लीकेशन डाउनलोड करने तथा सोशल मीडिया पर अपरिचित व्यक्तियों से संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचें।

साइबर अपराध होने पर तत्काल करें शिकायत

कार्यक्रम में साइबर अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल कार्रवाई करने की जानकारी दी गई। साइबर वित्तीय ठगी होने पर पीड़ित को तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने तथा संबंधित पोर्टल/पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता, सतर्कता और समय पर शिकायत के माध्यम से साइबर अपराध से होने वाले आर्थिक एवं व्यक्तिगत नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।

युवाओं को दिया सुरक्षित डिजिटल भविष्य का संदेश

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित एवं जिम्मेदार व्यवहार के प्रति जागरूक करना रहा। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं साइबर अपराधों से सुरक्षित रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

Chhattisgarh