ग्राम ढोढीआरा में हाथी की मृत्यु पर वन विभाग की त्वरित कार्यवाही
पशु चिकित्सक दल द्वारा पोस्टमार्टम एवं जांच जारी
जशपुर : वन परिक्षेत्र दुलदुला के ग्राम ढोढीआरा में मृत हाथी मिलने की सूचना पर वन विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। 24 सितम्बर को प्रातः लगभग 07.30 बजे ग्राम ढोढीआरा निवासी श्री संतोष राम अपने खेत की ओर गए थे, जहां उन्होंने खेत के समीप एक हाथी को मृत अवस्था में देखा। उनके द्वारा तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग की मैदानी टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया गया तथा घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। वन विभाग द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
वर्तमान में मौके पर पशुचिकित्सक दल उपस्थित है, जिसके द्वारा मृत हाथी का आवश्यक परीक्षण एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। पोस्टमार्टम एवं अन्य आवश्यक जांच के माध्यम से हाथी की मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों एवं परिस्थितियों का भी परीक्षण किया जा रहा है। निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्यवाही की जा रही है तथा जांच से प्राप्त तथ्यों के आधार पर ही मृत्यु के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वनमण्डलाधिकारी, जशपुर वनमण्डल द्वारा आमजन से अपील की गई है कि घटना के संबंध में किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी अथवा अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें प्रसारित करें। घटना से संबंधित कोई जानकारी प्राप्त होने पर निकटतम वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी को तत्काल सूचित करें।


