घर से बिना बताए भाटापारा से रायपुर पहुंचा 15 साल का बालक, स्टेशन चौक पर अकेला रोता देख पुलिस ने संभाला; परिजनों के चेहरे पर लौटाई खुशी

घर से बिना बताए भाटापारा से रायपुर पहुंचा 15 साल का बालक, स्टेशन चौक पर अकेला रोता देख पुलिस ने संभाला; परिजनों के चेहरे पर लौटाई खुशी

यातायात पुलस की मानवीय पहल

घर से बिना बताए रायपुर पहुंचे 15 वर्षीय बालक को यातायात पुलिस ने सुरक्षित परिजनों से मिलाया

स्टेशन चौक के पास रोता मिला था बालक

परिजनों ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को दिया धन्यवाद

रायपुर : यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा मानवीय दृष्टिकोण एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घर से नाराज होकर भाटापारा से रायपुर पहुंचे एक 15 वर्षीय नाबालिग बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

गणेशोत्सव में क्षेत्र भ्रमण के दौरान यातायात थाना फाफाडीह प्रभारी अम्बरीश शर्मा हमराह स्टाफ आरक्षक क्रमांक 606 गोपाल सिदार एवं सैनिक क्रमांक 03 मोहसिन खान जब स्टेशन चौक, गेट नंबर-01 के पास पहुंचे, तो वहां एक नाबालिग बालक को अकेले रोते हुए देखा गया। पुलिस टीम द्वारा तत्काल बालक के पास पहुंचकर उसे ढांढस बंधाया गया और सहानुभूतिपूर्वक पूछताछ की गई।पूछताछ में बालक ने अपना नाम एवं पता भाटापारा (जिला बलौदाबाजार) बताया। उसने जानकारी दी कि पिता की डांट से क्षुब्ध होकर वह बिना बताए घर से ट्रेन पकड़कर रायपुर आ गया था और डर के कारण वापस घर नहीं जाना चाहता था।

पुलिस टीम ने बालक को विश्वास में लेकर समझाइश दी और उसका हौसला बढ़ाया। इसके उपरांत बालक के परिजनों से दूरभाष पर संपर्क कर घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बालक के मामा एवं बहन रायपुर पहुंचे।पुलिस द्वारा विधिवत पहचान व आवश्यक तस्दीक की कार्यवाही पूर्ण करने के बाद बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। साथ ही परिजनों एवं बालक दोनों को समझाइश देकर सकुशल घर रवाना किया गया। परिजनों ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस मानवीय कार्य में यातायात थाना फाफाडीह प्रभारी अम्बरीश शर्मा,आरक्षक क्रमांक 606 गोपाल सिदार एवं सैनिक क्रमांक 03 मोहसिन खान की तत्परता व संवेदनशीलता सराहनीय रही।

Crime